इन्दौर । एक इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित कोचिंग क्लासेस में अचानक आग लगने से हडकंप मच गया। उस समय वहां कई छात्र मौजूद थे हालांकि वे सब तत्काल सुरक्षित नीचे आ गए। मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची और काबू पाया। घटना रेसकोर्स रोड पर की है। आग में क्लास का फर्नीचर जल गया।
फायर ब्रिगेड के एसआई एसएन शर्मा के अनुसार रेसकोर्स रोड पर अभय प्रशाल के सामने स्थित बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर संचालित एक कोचिंग क्लास में आगजनी हुई। आग में फर्नीचर जल गया। कोचिंग संचालक का नाम आशुतोष खाती बताया जा रहा है। आज सुबह करीब 8 बजे आग की सूचना मिलने पर दमकलों के साथ फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। यहां काउंटर क्षेत्र में बिजली तार में हुए शॉर्टसर्किट के कारण आग लग गई थी। आग लगते ही स्टाफ और छात्रों में हड़कंप मच गया था। क्लासेस चल रही थी। जैसे ही आग लगी तो छात्र व स्टाफ घबराकर नीचे सुरक्षित आ गए थे। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास भी किया और साथ ही फायर ब्रिगेड को फोन भी किया, फायर ब्रिगेड टीम ने फोम और पानी की मदद से आग बुझा दी। आग में कोई हताहत नहीं हुआ मगर कुर्सी-टेबलें और अन्य सामान जला है।
