पटना । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच वंदे भारत एक्सप्रेस को मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें रांची से पटना के लिए रवाना हुई वंदे भारत ट्रेन में स्कूली बच्चे भी सवार थे। रांची से पटना जा रही ट्रेन को हरी झंडी मिली, लेकिन इसके 22 मिनट की देर हुई। ट्रेन को सिग्नल मिलते ही बच्चों के चेहरे खिल उठे।
झारखंड की सबसे तेज दौड़ने वाली हाई स्पीड ट्रेन रांची-पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल से ऑनलाइन माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस मौके पर रांची रेलवे स्टेशन से राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, परिवहन मंत्री चंपई सोरेन, सांसद संजय सेठ सहित अन्य ने भी हरी झंडी दिखाई।
ट्रेन अपने निर्धारित समय से 22 मिनट विलंब से रवाना हुई। यह ट्रेन 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से नामकुम पहुंची। इसके बाद नामकुम से मेसरा तक के बीच ट्रेन 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ी। रांची रेलवे स्टेशन से डेढ़ सौ स्कूली बच्चों को सफर कराया जा रहा है। ट्रेन रांची-मेसरा स्टेशन होते हुए 4.15 बजे पटना पहुंचेगी। 379 किलोमीटर की दूरी को ट्रेन छह घंटे में तय करेगी।
28 से ट्रेन नियमित तौर पर चलेगी। यह ट्रेन पटना से सुबह सात बजे खुलेगी और दोपहर एक बजे रांची स्टेशन पर पहुंचेगी। वहीं रांची स्टेशन से ट्रेन 4.15 पर खुलेगी और रात्रि 10.05 बजे पहुंचेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के रानी कमलापति स्टेशन से भोपाल से जबलपुर और भोपाल से इंदौर के लिए वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। साथ ही उन्होंने धारवाड़ से बेंगलुरु और गोवा (मडगांव) से मुंबई तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेनों का भी वर्चुअल शुभारंभ किया।
इधर, पटना में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की तैयारियां पूरी कर ली गईं। स्टेशन पर लगी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री मोदी को ऑनलाइन हरी झंडी दिखाते हुए लोगों ने देखा। इसके साथ ही यात्रियों के स्वागत के लिए पारंपरिक वेशभूषा में कलाकार मौजूद थे। इनके साथ डोल आदि का इंतजाम भी किया गया है।
