भोपाल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वोटबैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुसलमानों को तबाह कर दिया है। उनके ही एक वर्ग ने पसमांदा मुसलमानों का शोषण किया है। इस पर कभी चर्चा नहीं हुई। आज भी उन्हें बराबरी का हक नहीं मिलता। उन्हें नीचा और अछूत समझा जाता है। यह सब पिछड़े हैं। इनके साथ इतना भेदभाव हुआ है। हमने सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ इनका भी विकास किया है। भाजपा कार्यकर्ता मुसलमानों के पास जाएं और तर्कों और तथ्यों के साथ उन्हें समझाएं, तब उनका भ्रम दूर होगा। यूनीफॉर्म सिविल कोड को लेकर उन्हें भ्रमित किया जा रहा है। इसे लेकर भी उन्हें हकीकत बतानी होगी।
भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ अपने दल के लिए जीते हैं। वह ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार का, कमीशन का, मलाई खाने का, कट मनी का, हिस्सा मिलता है। उनका रास्ता तुष्टिकरण, वोटबैंक का है। गरीब को गरीब बनाए रखने, वंचित को वंचित बनाए रखने से ही उनकी राजनीति चलती है। तुष्टिकरण का यह रास्ता कुछ दिनों तक फायदा दे सकता है, लेकिन यह देश के लिए महाविनाशक होता है। यह देश के विकास को रोक देता है। देश में तबाही लाता है। भेदभाव पैदा करता है। समाज में दीवार खड़ी करता है। एक तरफ इस तरह के लोग हैं, जो तुष्टिकरण कर अपने स्वार्थ के लिए छोटे-छोटे कुनबे दूसरों के खिलाफ खड़े कर देते हैं। दूसरी तरफ हम भाजपा के लोग हैं। हमारे संस्कार अलग हैं। हमारे संकल्प बड़े हैं। हमारी प्राथमिकता दल से पहले देश की है। हम यह सब मानते हैं कि जब देश का भला होगा तो सबका भला होगा। सबका भला होगा तो देश आगे बढ़ेगा। इस वजह से भाजपा ने यह तय किया है कि हमें तुष्टिकरण के रास्ते पर नहीं चलना है। हमें संतुष्टिकरण के रास्ते पर चलना है।
विपक्षी एकजुटता यानी 20 लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार की गारंटी है
विपक्ष की एकजुटता पर मोदी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा की प्रचंड विजयी तय है। इस वजह से सभी विपक्षी बौखलाए हुए हैं। इस वजह से उन्होंने तय किया है कि चुनाव से कुछ महीने पहले किसी भी तरीके से जनता को गुमराह करके कुछ लोगों को बरगलाकर, झूठे आरोप लगाकर, सत्ता हासिल की जाए। नया शब्द पापुलर हो रहा है गारंटी। कुछ दिन पहले विपक्ष के नेताओं का एक फोटो ऑप कार्यक्रम हुआ था। इस बैठक में शामिल दलों के इतिहास को देखेंगे तो पता चलेगा कि वह सब मिलकर कम से कम 20 लाख करोड़ रुपये के घोटालों की गारंटी है। कांग्रेस का घोटाला अकेले ही लाखों करोड़ों का है। 1.86 लाख करोड़ रुपये का कोयला घोटाला, 1.76 लाख करोड़ रुपये का 2जी घोटाला, 70 हजार करोड़ रुपये का कॉमनवेल्थ घोटाला शामिल है। 10 हजार करोड़ रुपये का मनरेगा घोटाला, हेलीकॉप्टर से सबमरीन तक कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जो हाथ का शिकार न हुआ हो। आरजेडी पर हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप है। चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला, पशु पालन शेड घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला, आरजेडी के घोटालों की इतनी लंबी सूची है कि अदालतें भी थक गई। एक के बाद एक सजा सुना रही है। तमिलनाडु में डीएमके पर अवैध तरीके से सवा लाख करोड़ रुपये की संपत्ति बनने का आरोप है। टीएमसी पर 23 हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप हैं। रोजवैली, सारदा, शिक्षक भर्ती, गोतस्करी और कोयला तस्करी का घोटाला हुआ। एनसीपी पर करीब-करीब 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। इन पार्टियों के घोटालों का मीटर कभी डाउन नहीं होता। मैं तो कहूंगा कि बीजेपी के किसी कार्यकर्ता को कोशिश करनी चाहिए कि इन पार्टियों का घोटाला मीटर बनाने की। इनके पास घोटालों का अनुभव है तो कोई गारंटी है तो वह है घोटालों की। देश को तय करना है कि क्या यह घोटालों की गारंटी को देश स्वीकार करेगा? मैं अगर उनकी घोटालों की गारंटी है तो मोदी की भी एक गारंटी है। हर घोटालेबाज पर कार्रवाई की गारंटी है। हर चोर-लुटेरे पर कार्रवाई की गारंटी है। जिसने गरीब को लूटा है, जिसने देश को लूटा है, उसका हिसाब तो होकर रहेगा। कानून का डंडा चल रहा है, जेल की सलाखें दिख रही हैं, तब जाकर यह जुगलबंदी हो रही है। इनका कॉमन मिनिमम प्रोग्राम भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक्शन से बचने का ही है। भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता इस बात को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे तो लोगों को इनकी वास्तविकता का पता चल ही जाएगा। गांव में कोई भी अपराधी जब सजा काटकर आता है तो लोग उसके पास जाते हैं और पूछते हैं कि जेल कैसी होती है! उनको खुद डर होता है! पटना से अच्छी जगह क्या हो सकती है! मैं देख रहा हूं कि कई लोग, जो जमानत पर हैं, जो घोटालों के आरोपी हैं, जो भ्रष्टाचारी हैं, ऐसे लोग उन लोगों से जाकर मिल रहे हैं, जो सजा काट रहे हैं या जेल से आ रहे हैं।
अपने बेटे-बेटी का भला करना है तो भाजपा को वोट दो
मोदी ने वंशवाद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आपको गांधी परिवार के बेटे-बेटी का विकास करना है तो कांग्रेस को वोट दीजिए। आपको मुलायम सिंह जी के बेटे का भला करना है तो समाजवादी पार्टी को वोट दीजिए। आप लालू परिवार के बेटे-बेटी को भला करना है तो आरजेडी को वोट दीजिए। आपको शरद पवार की बेटी का भला करना हो तो एनसीपी को वोट दीजिए। आपको अब्दुल्ला परिवार के बेटे का भला करना है तो आप नेशनल कॉन्फ्रेंस को वोट दीजिए, आपको करुणानिधि जी के बेटे-बेटियों, पोते-पोतियों का भला करना हो तो डीएमके को वोट दीजिए। आपको के. चंद्रशेखर राव की बेटी का भला करना हो तो टीआरएस को वोट दीजिए। अगर आपको अपने बेटे-बेटी, पोते-पोती का भला करना है तो भाजपा को वोट दीजिए।
मध्य प्रदेश की धरती की भूमिका महत्वपूर्ण
इससे पहले उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती की भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में बहुत बड़ी भूमिका है। इस वजह से ऐसी ऊर्जावान मध्य प्रदेश की धरती पर मेरा बूथ सबसे मजबूत इस कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए मुझे ह्दय से आनंद आ रहा है। अच्छा लग रहा है। गौरव हो रहा है। कुछ ही देर पहले मुझे देश के छह राज्यों को जोडऩे वाली पांच वंदे भारत ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाने का अवसर भी मिला है। मैं मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र की जनता को इस आधुनिक वंदे भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी के लिए बहुत बधाई देता हूं। मध्य प्रदेश को विशेष बधाई दूंगा। एक साथ दो वंदे भारत ट्रेनें मध्य प्रदेश के भाई-बहनों को मिली है। अभी तक यात्री भोपाल से दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के सफर का आनंद ले रहे थे। अब भोपाल से इंदौर और भोपाल से जबलपुर का सफर तेज भी होगा, आधुनिक भी होगा और सुविधा से संपन्न भी होगा।
भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत
भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आप वर्षभर अपने अपने बूथ पर व्यस्त रहते हैं। केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर देशभर में जो कार्यक्रम हो रहे हैं, उसमें आप जो मेहनत करते हैं, दिन-रात जुटे रहते हैं, उसकी जानकारियां मुझ तक लगातार पहुंच रही है। मैं जब अमेरिका और मिस्र में था, तब भी आपके प्रयासों के बारे में लगातार जानकारी मिलती रहती थी। वहां से आने के बाद सबसे पहले आप सभी से मिलना यह मेरे लिए ज्यादा सुखद है। ज्यादा आनंददायक है। भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। मोदी ने कहा कि मैं आज एक साथ बूथ पर काम करने वाले दस लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहा हूं। देश का हर पोलिंग बूथ यहां आपसे जुड़ा हुआ है। शायद किसी भी राजनीतिक दल के इतिहास में ग्रासरूट लेवल पर ऑर्गेनाइज तरीके से इतना बड़ा कार्यक्रम कभी नहीं हुआ होगा, जितना बड़ा कार्यक्रम आज हो रहा है। गर्व से कहना चाहता हूं कि मुख्यमंत्रियों की मीटिंग होना, पार्टी के अध्यक्षों की मीटिंग होना, महासचिवों की मीटिंग होना, प्रदेश कार्यसमितियों की बैठक होना, मंडल, जिला कार्यसमितियों की बैठक होना, यह लंबे अरसे से चल रहा है। लेकिन सिर्फ और सिर्फ बूथ का नेतृत्व करने वालों का सम्मेलन इतिहास में पहली बार हो रहा है। आप सिर्फ भाजपा ही नहीं, देश के संकल्पों की सिद्धि के भी मजबूत सिपाही हैं। भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए देशहित सर्वोपरि है। दल से बड़ा देश है। जहां दल से बड़ा देश है, ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करने का मेरे लिए भी एक मंगल अवसर है।
