जयपुर । पिछले दो तीन दिनों से राजस्थान में लगातार बारिश हो रही है। आईएमडी ने आज भी राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार यानी 27 जून को राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, पाली के सोजत में सबसे ज्यादा 10 सेमी बारिश हुई। वहीं, टोंक के मालपुरा में 9 सेमी बारिश हुई। इसके बाद झुंझुनू के चिड़वा में 8 सेमी बारिश हुई।
बारिश के आंकाड़ों की बात करें तो राजस्थान के गेगल (अजमेर), कोटपूतली (जयपुर), मकराना (नागौर), जोधपुर और शाहबाद (बारां) में 7-7 सेमी बारिश हुई, जबकि बहरोड़ (अलवर), दौसा, भीलवाड़ा, गोगुंड (उदयपुर) और बूंदी में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि कई अन्य इलाकों में 5 सेमी से कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार यानी 28 जून के लिए बांसवाड़ा, बारां, झालावाड़, कोटा और प्रतापगढ़ में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सिरोहीउदयपुर, बाड़मेर और चूरू में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
