आजादी के 100 साल पूर्ण होने तक भारत विश्व का नेतृत्व करेगा: सांसद श्री लालवानी
आजादी का जश्न हर दिल में होना चाहिए: सांसद लालवानी
प्रश्न मंच, रंगोली देशभक्ति तरानो के संग तीन दिवसीय प्रदर्शनी केन्द्रीय विद्यालय मे शुरू
इंदौर 24 अगस्त 2023 – भारत सरकार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर द्वारा इंदौर स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत मेरी माटी- मेरा देश थीम पर 3 दिवसीय प्रदर्शनी आज (23 8 2023) बुधवार से शुरू हुई। प्रदर्शनी का शुभारंभ इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी ने किया। इस अवसर पर सांसद श्री लालवानी ने कहा कि हर भारतीय में आजादी के जश्न का जुनून होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़े ही संघर्ष, त्याग और हजारों लाखों क्रांतिकारियों ने भारत को अंग्रेजों की बेडियो से मुक्त करने में अपने प्राण निछावर किए हैं। सांसद ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार मेरी माटी मेरा देश अभियान चलाकर उन सभी गुमनाम और उजागर सहित क्रांतिकारियों का सम्मान कर रही है। अमर शहीदों के जन्मस्थली और कर्मस्थली से मिट्टी और पौधा लाकर भारत के केंद्र दिल्ली में अमृत उपवन बनेगा, जहां पर इन मिट्टी के साथ पौधे रोपे जाएंगे। साथ ही शहीद वाटिका बनाकर उन सभी शहीदों का पूरा विवरण वर्णित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद ने विभाजन विभीषिका पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि वह दृश्य अत्यंत दुखद था, जिसका विवरण इस प्रदर्शनी में बहुत ही अच्छी तरह से बताया गया है। सांसद श्री लालवानी ने आह्वान किया कि केंद्रीय विद्यालय सहित शहर के अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को इस प्रदर्शनी को देखना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी आजादी की लड़ाई को जानने के साथ ही विभाजन विभीषिका के दर्द को समझकर भविष्य के लिए जागरूक रहे। सांसद श्री लालवानी ने अपनी बात यह कहकर समाप्त की कि भारत आजादी का जश्न मना रहा है, और 100 साल पूरे होते-होते भारत देश विश्व का नेतृत्व करेगा। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के प्राचार्य श्री पवन कुमार बेदुए ने कहा कि निसंदेह आजादी की गाथा गाती है यह प्रदर्शनी छात्र-छात्राओं तथा युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत लाभकारी है। इसके पूर्व सांसद श्री लालवानी ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम तथा विभाजन विभीषिका तथा मेरी माटी- मेरा देश अभियान पर केंद्रित प्रश्न मंच तथा देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। जिन्हें सांसद के कर कमलो द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती शीतल सिसोदिया मालवा सुर संगम सोसायटी अध्यक्ष, एडवोकेट श्री सुनील कुमार पटेल, उपप्राचार्य श्री मनोज सादरानी, डॉ संध्या तरफदार, श्री संजय शर्मा प्रधान अध्यापक, श्रीमती मोहिनी ओझा, श्री निलेश पुरोहित आदि शिक्षक गण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सांसद तथा अतिथियों को प्रदर्शनी का अवलोकन केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के प्रमुख एवं प्रचार अधिकारी दिलीप सिंह परमार ने कराया। कार्यक्रम का संचालन श्री परमार एवं आभार उप प्राचार्य श्री मनोज सादरानी ने किया।
