उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
घट्टिया विकासखंड के ग्राम नजरपुर निवासी 70 वर्षीय सायर बाई ने आवेदन देकर शिकायत की कि उनके चार बेटों में से तीन बेटों ने उन्हें एवं उनके सबसे छोटे बेटे को घर से बेदखल कर दिया है तथा उनकी स्वामित्व की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं निशक्त होने के कारण उन्होंने प्रशासन से सहायता की मांग की। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम घट्टिया को भरण-पोषण अधिनियम के तहत सहायता उपलब्ध कराने तथा राजस्व रिकॉर्ड का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उज्जैन निवासी दीपिका बैरागी ने शिकायत करते हुए बताया कि उनके घर के सामने कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। मामले में नगर निगम के जोनल अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तराना तहसील के ग्राम कायथा के ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि गांव के कई वर्षों पुराने खेत मार्ग को कुछ लोगों द्वारा जबरन बंद कर दिया गया है, जिससे किसानों को खेतों तक पहुंचने एवं कृषि कार्य करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने फसल नुकसान की भी शिकायत की। इस पर एसडीएम तराना को जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महिदपुर रोड निवासी शंकरलाल ने आवेदन देकर बताया कि उन्होंने आर्थिक आवश्यकता के चलते अपनी कृषि भूमि एक व्यक्ति के पास गिरवी रखी थी। समय पर कर्ज चुकाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति भूमि का कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं है। इस मामले में तहसीलदार महिदपुर को जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, एडीएम अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा सहित अन्य अधिकारियों द्वारा कुल 160 प्रकरणों में सुनवाई की गई।