मुंबई महानगरपालिका में चल रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ शिवसेना का विशाल मार्च
मुंबई, । मुंबई महानगरपालिका में चल रहे कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एक जुलाई यानि शनिवार को उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना की ओर से आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने एक विशाल मार्च किया. यह मार्च मेट्रो सिनेमा से मनपा मुख्यालय तक किया गया. इसके बाद अपने संबोधन मेंआदित्य ठाकरे खूब गरजे. उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को चुनौती देकर कहा कि, आपकी फाइल तैयार है, आने दीजिए हमारी सरकार. जिन्होंने मुंबई को लूटा है उन्हें जेल में डालेंगे. आदित्य ठाकरे ने कहा कि, मुझे पप्पू कहते हो न, तो ठीक है मुझ पर वार करके दिखाओ. इसके बाद उन्होंने दाढ़ी पर हाथ फेरते हुए सीएम शिंदे की मिमिक्री भी की. आदित्य ठाकरे ने आगे कहा कि, शिंदे सरकार की चोरी की पूरी फाइल तैयार है. महाविकास आघाड़ी की सरकार सत्ता में आते ही कार्रवाई शुरू की जाएगी. सीएम ने कहा है कि एक दिन वे मुंबई को गड्ढों से मुक्त करेंगे. लेकिन इनके 5 ठेकेदार हैं जो इनके करीबी हैं. इन पांच लोगों के लिए इन्होंने पांच हजार करोड़ के टेंडर निकाले. इस तरह सड़कों को गड्ढे मुक्त करने के तरीके निकाले. इनके दोस्त शामिल नहीं हुए तो टेंडर रद्द किए. इनके दोस्तों ने कहा कि और एक हजार करोड़ का बजट बढ़ाएं. फिर 6 हजार करोड़ का टेंडर निकाला. 40 फीसदी कमीशन का गड़बड़ घोटाला कर डाला और ये सारे पैसे अपने करीबी ठेकेदारों की जेब में डाला. 600 करोड़ सीधे-सीधे ठेकेदारों की जेबों में जाने वाले थे. मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो ये 600 करोड़ देना रोका गया. इतना ही नहीं आदित्य ठाकरे ने 50 सड़कों की लिस्ट दिखाई, जिन्हें बनाने के दावे किए गए थे. उन्होंने कहा कि, मैंने कहा था कि ये 50 सड़कें ये कभी नहीं बना पाएंगे. तब मुझ पर हंसा गया. मुझे पप्पू बोलते हो. यह पप्पू चैलेंज देता है. आपने एक भी सड़क पूरी तरह से नहीं बनाई है. मुंबई महानगरपालिका में चल क्या रहा है. सिर्फ और सिर्फ मुंबई की लूट? इन्होंने हमारी शाखा पर बुलडोजर चलवाया. मुझे पप्पू कहते हो, क्या हूं बताऊंगा, आने दो हमारी सरकार, इनपर बुलडोजर चलवाऊंगा.
