जामनगर| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भारी वर्षा के कारण प्रभावित जामनगर शहर के गांधीनगर क्षेत्र के वॉर्ड नंबर 2 में खोडियार हॉल तथा आसपास के क्षेत्र का शनिवार को दौरा किया और समग्र स्थिति का जायज़ा लिया। पटेल ने भारी वर्षा से प्रभावित इस क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और बरसाती पानी से हुए नुक़सान तथा मौजूदा स्थिति के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन द्वारा इन वर्षा प्रभावितों के लिए की गई व्यवस्था का भी विवरण प्राप्त किया। मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर कृषि मंत्री राघवजी पटेल, सांसद श्रीमती पूनम माडम, विधायक श्रीमती रिवाबा जाडेजा, दिव्येश अकबरी, ज़िला कलेक्टर बी. ए. शाह, जामनगर महानगर पालिका आयुक्त डी. एन. मोदी आदि अग्रणी भी उपस्थित थे।
