इंदौर। शहर में अवैध रूप से शराब के क्रय-विक्रय, परिवहन और भंडारण करने वालों के विरुद्ध कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 27 बल्क लीटर अवैध मदिरा और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है।
सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वृत्त काछी मोहल्ला क्षेत्र में उप निरीक्षक भगवानदास अहरवार की टीम द्वारा शहरी क्षेत्र में गश्त के दौरान कार्रवाई की गई। टीम ने संदेह के आधार पर एक दोपहिया महिन्द्रा रेडियो स्कूटी (क्रमांक MP09 SJ2359) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन के आगे बने स्पेस में रखी तीन पेटियों में से दो पेटियों में 100 पाव मसाला और एक पेटी में 50 पाव प्लेन देशी मदिरा बरामद हुई। कुल 150 पाव अर्थात 27 बल्क लीटर अवैध मदिरा का परिवहन किया जा रहा था।
आबकारी विभाग ने मदिरा और वाहन जब्त कर आरोपी राहुल सिंह पिता प्रहलाद सिंह, निवासी कुलकर्णी का भट्टा, इंदौर को मौके से गिरफ्तार किया। जब्त मदिरा और वाहन की कुल कीमत लगभग 79 हजार 750 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।