नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मई को देश की नई संसद का लोकार्पण करने वाले हैं। इस लोकार्पण का जहां विपक्ष के 20 राजनीतिक दलों ने बहिष्कार कर दिया है, वहीं भाजपा आईटी सेल ने इस मौके को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी कर रखी है। यहां तक कि इस मौके पर जारी होने वाले वीडियो को भी तैयार कर लिया गया है, जिसमें कैप्शन भी डाल दिए गए हैं। केवल उस प्रोग्राम के विजुअल्स और फोटो डाले जाने हैं जो 28 मई को होना है।
इस प्रोग्राम में प्रधानमंत्री मोदी कैसे चलेंगे, कौन उनको एस्कॉर्ट करेगा, कब सेंगोल थामेंगे और किस तरह संसद भवन का लोकार्पण करेंगे, इसके कैप्शन पहले ही लिख दिए गए हैं। यह वीडियो गलती से भाजपा नेत्री प्रीति गांधी की सोशल मीडिया वॉल पर पोस्ट हो गया। और भाजपा आईटी सेल की पूरी तैयारी का लेखा-जोखा मीडिया में लीक हो गया। हालांकि बाद में प्रीति गांधी ने इस वीडियो को हटा लिया लेकिन तब तक लाखों लोगों तक वीडियो पहुंच चुका था।
वीडियो को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने ट्विटर पर लिखा – अमित मालवीय, तुमने तो महामानव को हीरो बनाने का टूलकिट गलती से पहले ही जारी कर दिया! यह वीडियो तो 28 को आना था – बड़ी जल्दी में थे तुम – आधा अधूरा वीडियो डाल दिया. अब भक्त और चरणचुंबक 28 को एक साथ कौन सा वीडियो लगायेंगे?!
मतलब भारत के प्रधानमंत्री का हर कदम फ़ेक न्यूज़ फैक्ट्री की टूलकिट निर्धारित करती है! तरस आ रहा है – कितना भी रंगपोत लो फ़र्ज़ी छवि तो फ़र्ज़ी ही होती है – ध्वस्त हो जाती है.
और भी बहुत से लोगों ने इस वीडियो को लेकर कमेंट किए हैं। इससे भाजपा आईटी सेल की किरकिरी हो गई है।
