अहमदाबाद| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने साफ तौर पर कहा कि अर्बन-20 (यू-20) साइकिल जी-20 देशों के शहरों एवं महानगरों के जलवायु परिवर्तन टिकाऊ विकास किफायती आवास और सर्वग्राही सामाजिक विकास जैसे विभिन्न मुद्दों पर वैचारिक आदान-प्रदान के लिए ग्लोबल प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा। यह बात उन्होंने विजनरी ग्लोबल लीडर और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत में आयोजित होने वाली जी-20 समिट के उपलक्ष्य में अहमदाबाद में आयोजित होने वाली अर्बन-20 समिट के लोगो वेबसाइट सोशल मीडिया हैंडल्स तथा वेलकम सॉन्ग के लॉन्चिंग अवसर पर कही। केंद्रीय शहरी विकास एवं शहरी गृह निर्माण मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत को मिली जी-20 की मेजबानी पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि जी-20 समिट के अंतर्गत गुजरात में भी 15 विभिन्न समिट का आयोजन होगा। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम -एक धरती एक परिवार एक भविष्य’ की थीम वाली इस जी-20 समिट से विश्व समुदाय को भारतीय संस्कृति और सदाचार का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण हम एक परिवार की भावना के साथ ‘सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र लेकर विकास की राह पर आगे बढ़े हैं। इस संदर्भ में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अहमदाबाद में आयोजित होने वाली यू-20 साइकिल और भी प्रासंगिक साबित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में शहरी आबादी का दबाव बढ़ता जाएगा और शहरीकरण व्यापक फलक पर विकसित होगा इसे ध्यान में रखते हुए शहरी भविष्य और जनकल्याण को अधिक सुविधापूर्ण एवं बेहतर बनाने में इस तरह की अर्बन समिट की चर्चाएं सर्वोत्तम प्रथाओं (बेस्ट प्रेक्टीस) का आपसी आदान-प्रदान और अनुभवों को साझा करना महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री ने इस समिट में शिरकत करने वाले जी-20 देशों के प्रतिनिधियों के समक्ष विश्व विरासत शहर की प्रतिष्ठा वाले अहमदाबाद शहर में प्राचीन एवं आधुनिक दोनों क्षेत्रों में शहरी विकास एवं आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचा के समन्वय को उजागर करने की मंशा भी व्यक्त की है। भारत की जी-20 अध्यक्षता के अंतर्गत अहमदाबाद में यू-20 साइकिल का आयोजन होगा। अहमदाबाद में 9 एवं 10 फरवरी 2023 को सी-40 (क्लाइमेट चेंज) और संयुक्त शहरों और स्थानीय सरकारों (यूसीएलजी) शहरी मुद्दों पर दो अंतरराष्ट्रीय गैर सरकारी वकालत समूहों के साथ सिटी शेरपा की आरंभिक बैठक और विषयों की चर्चाओं सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जुलाई-2023 में यू-20 मेयर्स समिट भी आयोजित होगी। इन कार्यक्रमों में जी-20 देशों के अलावा सी40 और यूसीएलजी के सदस्य शहर और निरीक्षक शहरों के महापौर एवं प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे और चर्चाओं को समृद्ध बनाएंगे। भारत में जी-20 समिट की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम- वन अर्थ वन फैमिली वन फ्यूचर’ के सुसंगत अहमदाबाद में आयोजित होने वाली यू-20 शहरी स्तर की कार्रवाई इस बात पर ध्यान केंद्रित करेगी कि कैसे एक-दूसरे के साथ जुड़े और स्थायी सकारात्मक वैश्विक परिणाम हमारे साझा भविष्य को रेखांकित कर सकते हैं। यह अर्बन-20 साइकिल जटिल शहरी मुद्दों के समाधान के लिए उचित नीति निर्धारण की दिशा में रोडमैप तैयार करेगी तथा समिट में हिस्सा लेने वाले शहरों की आकांक्षाएं प्रतिबिंबित करेगी। इस संदर्भ में यू-20 समिट के मेजबान शहर अहमदाबाद महानगर पालिका द्वारा एक दस्तावेज तैयार किया जाएगा।
केंद्रीय शहरी विकास एवं शहरी गृह निर्माण मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि अहमदाबाद आधुनिक एवं प्रगतिशील के साथ भारत का आर्थिक एवं सांस्कृतिक केंद्र है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद अर्बन-20 समिट की छठी साइकिल की चेयर की मेजबानी कर रहा है तब टिकाऊ विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में शहरों की भूमिका के बारे में इस बैठक में विशिष्ट विचार-मंथन होगा। पुरी ने कहा कि देश का शहरी विकास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले वर्षों के दौरान भारत सरकार ने शहरों में पानी सैनिटेशन आवास और सार्वजनिक परिवहन से संबंधित विभिन्न योजनाओं और स्मार्ट सिटी मिशन को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया है। उन्होंने आगे कहा कि शहर दुनिया की आर्थिक वृद्धि के पावर हाउस हैं। वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में शहरों का योगदान 60 फीसदी है। शहर वैश्विक व्यापार और पूंजीनिवेश को आकर्षित करते हैं। दुनिया की 50 फीसदी से अधिक आबादी शहरों में रहती है। भारत में भी शहरीकरण की प्रक्रिया काफी तेज बनी है। इसलिए जी-20 के अंतर्गत यू-20 का आयोजन शहरी विकास के क्षेत्र में नया सीखने और भारत की उपलब्धियों को उजागर करने का माध्यम बनेगा।
गुजरात के शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव मुकेश कुमार ने गुजरात में अर्बन-20 बैठकों के आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि अर्बन-20 चेयर का मेजबान बनकर अहमदाबाद अब ब्यूनस आयर्स रोम मिलान जकार्ता टोक्यो वेस्ट जावा और रियाद जैसे शहरों की सूची में शामिल हो गया है। टाइम्स पत्रिका ने अहमदाबाद को ‘मक्का ऑफ कल्चरल टूरिज्म’ कहा है और दुनिया के 50 एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी डेस्टीनेशंस की सूची में स्थान दिया है।
अहमदाबाद के महापौर किरीट परमार ने जी-20 की अध्यक्षता के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं दीं और यू-20 की अध्यक्षता के लिए अहमदाबाद का चयन करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि यू-20 के विभिन्न आयोजनों के सफल संचालन एवं कार्यान्वयन के लिए अहमदाबाद को सभी का सहयोग प्राप्त होगा।
