लखनऊ । यूपी के कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा है कि स्मृति ईरानी अमेठी में आती हैं और लटके-झटके देकर चली जाती हैं। यह राजनीति बदला लेने के लिए प्रयोजित करेगी। स्मृति ईरानी को लेकर राय के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी ने सवाल किया है कि क्या प्रियंका गांधी कांग्रेस नेता पर एक्शन लेंगी?
बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी की अमेठी में शर्मनाक हार को पचा नहीं पा रही है। इसलिए लैंगिक टिप्पणी करके अपमानित करने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की रस्सी जल गई लेकिन बल नहीं जा रहा है। इसी वजह से आज यूपी में एक सांसद और दो विधायक की पार्टी रह गई है। ऐसी ही बदजुबानी रखेंगे तो आने वाले दिनों में और दुर्गति होगी।
वहीं उत्तरप्रदेश के बीजेपी प्रवक्ता आनंद दुबे ने लखनऊ में कहा कि जिस पार्टी ने देश को महिला प्रधानमंत्री दिया हो उसके नेता की ऐसी टिप्पणी निश्चित रूप से शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की ओर से इस्तेमाल की जाने वाली भाषा हमेशा महिला विरोधी रही है। बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी से सवाल है। क्या प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस नेता अजय राय पर कार्रवाई करेंगी।
