आरोपी के कब्जे से लगभग 2 लाख रूपए कीमत की 450 ग्राम अवैध अफीम बरामद।
इंदौर – दिनांक 29 अप्रैल 2022– शहर में अपराध नियंत्रण हेतु नशा कराने वाले एवं नशे की सामाग्री उपलब्ध कराने वालों पर अंकुश लगाने हेतु अवैध मादक पदार्थ की गतिविधियों में संलिप्त बदमाशों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के लिए श्रीमान पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर, श्री हरिनारायण चारी मिश्र द्वारा इंदौर पुलिस को निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में श्रीमान अति. पुलिस आयुक्त इंदौर श्री मनीष कपुरिया एवं पुलिस उपायुक्त जोन-03 श्री धर्मेन्द्र भदौरिया के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-03 श्री राजेश रघुवंशी व सहायक पुलिस आयुक्त संयोगितागंज अनुभाग श्री अरविन्द सिंह तोमर द्वारा अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु बनाई कार्य योजना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना संयोगितागंज द्वारा मादक पदार्थ अफीम की तस्करी करने वाले एक तस्कर को पकड़ा गया है।
इसी तारतम्य में दिनांक 28.04.2022 को मुखबिर की सूचना की सूचना प्राप्त हुई कि अफीम की अवैध बिक्री एवं नशा करने वालो को सप्लाई का काम करने वाला एक तस्कर दिनांक 28-29.04.2022 को रात के करीबन 12 से 02 बजे के बीच एम.वाय.एच अस्पताल के पीछे वाली दरगाह के पास अपनी कार मारूती सुजुकी ऑल्टो वाहन क्र. MP09-HD-0934 से किसी पार्टी को अफीम की सप्लाई करने आने वाला है । इस पर संयोगितागंज पुलिस द्वारा तत्काल एक्शन लेते हुये थाने की एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची, रात्रि करीबन 01.40 बजे चाचा नेहरू अस्पताल की तरफ से मुखबिर द्वारा बताया हुआ वाहन कार मारूती सुजुकी ऑल्टो क्र. MP09-HD-0934 आता दिखा, जिसे हमराह फोर्स व पंचान की मदद से घेराबंदी कर रोका गया । कार चला रहे व्यक्ति से नाम पता पूछा गया जिसने अपना नाम गोपाल पिता बजेराम पंवार उम्र 49 साल नि. ग्राम पंचेवा, थाना पिप्लौदा जिला रतलाम (म.प्र) बतलाया तथा मुखबिर सूचना की पुष्टि होने पर आरोपी की कार की तलाशी के दौरान कार में काली पॉलीथिन के अंदर 07 छोटी-छोटी पारदर्शी थैलियों में काले रंग का पदार्थ रखा दिखा,उक्त पारदर्शी थैली को खोलकर देखने पर मादक पदार्थ अफीम कुल वजन 450 ग्राम कीमती 2 लाख रूपये का पाया गया। आरोपी गोपाल पिता बजेराम पंवार के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त वाहन कार मारूती सुजुकी ऑल्टो वाहन क्र. MP09-HD-0934 ग्रे रंग तथा मादक पदार्थ अफीम कुल वजन 450 ग्राम जप्त किया गया ।
आरोपी से पूछताछ में बताया कि उसके द्वारा जावरा जिला रतलाम से उक्त अफीम लेकर आया था, जो शहर में सप्लाई करने वाला था। आरोपी की निशानदेही पर अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है । आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करते हुये संयोगितागंज पुलिस द्वारा 3 की पुलिस रिमाण्ड ली गई है ।
उक्त सराहनीय कार्य में निरीक्षक योगेशसिंह तोमर, उनि अक्षय कुशवाह, सउनि शकील, कार्य. प्र.आर. 93 संजय तिवारी, आरक्षक 3629 रामलखन शर्मा , आरक्षक 1481 रिंकु राजपूत, आरक्षक 3662 लोकेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा ।
