दतिया,माधव एक्सप्रेस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और आगामी चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन की मजबूती प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन का संकेत है। सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, साहब सिंह गुर्जर, कैलाश कुशवाहा, पूर्व विधायक राधेलाल बघेल, मदन कुशवाहा, सुनील शर्मा, घनश्याम सिंह और नीतू सिकरवार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विधायक राजेंद्र भारती के संघर्ष की सराहना
अपने संबोधन में पटवारी ने स्थानीय विधायक राजेंद्र भारती के राजनीतिक संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कानूनी और राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद भारती ने अपने सिद्धांतों और जनमत से समझौता नहीं किया। पटवारी के अनुसार, विपरीत परिस्थितियों में भी जनता के वोट और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है।
जनता और कार्यकर्ताओं से आह्वान
पटवारी ने दतिया के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले चुनाव में यहाँ की जनता ने विपक्षी विचारधारा को नकार कर कांग्रेस पर विश्वास जताया था। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में भी स्थानीय मतदाता लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में निर्णय लेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों तथा जनहित के मुद्दों को ले जाने का आह्वान किया। पटवारी ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसमर्थन के बल पर कांग्रेस दतिया सहित पूरे प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
