इंदौर 29 मार्च, 2022
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आज प्रदेश के 5:15 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बनाए गए पक्के आवासों की सौगात भेंट की गई। इन हितग्राहियों में इंदौर के कम्पेल गांव की श्रीमती सावित्री बाई भी शामिल है। सावित्रीबाई के आवास का गृह प्रवेश कराने के लिए आज मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट उनके घर पहुंचे। सावित्री बाई बताती है कि शासन से मिली सौगात ने उनके जीवन में परिवर्तन की नींव रखी है। ना केवल उनके पक्के घर का सपना आज पूरा होने जा रहा है, बल्कि उनके घर में नल कनेक्शन भी लग गया है। अब उन्हें पानी भरने के लिए चलकर कहीं और नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इन सभी सौगातों को पाकर और मंत्री श्री सिलावट को उनके घर में देख कर आज उनके घर में खुशहाली का दीपक जल गया है। उन्होंने कहा कि वे बेहद खुश है और केंद्र सरकार तथा मध्य प्रदेश सरकार को उनके पक्के घर का सपना पूरा करने के लिए धन्यवाद देती हैं।
