:: आज सुबह क्रेन उतारकर रखेगी मेट्रो स्टेशन पर ::
इन्दौर । बड़ौदा से करीब सात दिन का सफर तय कर मेट्रो रेल के कोच इन्दौर की सीमा तक पहुंच गए। ट्रालों को झलारिया गांव के पास खड़ा कर दिया गया। देर रात सड़कों पर ट्रैफिक कम होने पर उन्हें गांधी नगर मेट्रो स्टेशन पर रखा जाएगा। फिलहाल तीन कोच इन्दौर आए है। उनका उपयोग मेट्रो के ट्रायल रन में किया जाएगा।
मेट्रो के कोच बड़ौदा की एक फैक्ट्री में तैयार हो रहे है। सात दिन पहले इन कोचों को इन्दौर के लिए रवाना किया गया था। बड़े ट्रालों में इन कोचों को तिरपाल से कवर कर लाया जा रहा है। शाम को कोच को लेकर आए ट्राले धार रोड के झलारिया गांव तक पहुंच चुके थे। चालकों के अनुसार प्रतिदिन कम स्पीड में 30 से 40 कि.मी. का सफर तय कर इन्हें लाया गया। शहरी क्षेत्र में देर रात ट्राले प्रवेश करेंगे। धार रोड से गोम्मटगिरी मार्ग होते हुए उन्हें गांधी नगर मेट्रो स्टेशन तक लाया जाएगा।
:: दो क्रेन उतार कर रखेगी पटरियों पर ::
कोच को ट्रालों से उतार तक गांधी नगर मेट्रो स्टेशन की पटरियों पर रखने के लिए दो क्रेने तैनात तक दी गई। देर रात जैसे ही यह कोच स्टेशन पहुंचेंगे। उन्हें पटरियों पर रखा जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे कोच को जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों को भी दिखाया जाएगा। इन कोच के माध्यम से 14-15 सितंबर को ट्रायल रन किया जाना संभावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। छह किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर ट्रायल रन की तैयारी चल रही है, हालांकि इस खंड में अभी मेट्रो स्टेशन पूरी तरह बनकर तैयार नहीं हो पाए है।
