इन्दौर । इन्दौर जिले की महू तहसील में अच्छी बारिश नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने अब एक बार फिर टोटकों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। महू के ग्राम जामली में बुधवार को बारिश के लिए ग्रामीणों ने गांव के पटेल को गधे पर बैठाकर घुमाया।
ऐसी मान्यता है कि बारिश नहीं होने पर इंद्र देव को प्रसन्न करने के लिए गांव के मुखिया गांव से मुक्तिधाम तक गधे की सवारी कर देवी-देवताओं का पूजन करें, तो अच्छी बारिश होती है।
इन्दौर जिले में मानसून की बेरुखी ने किसानों के साथ-साथ आम लोगों की भी चिंता बढ़ा दी है। किसानों की सोयाबीन की फसल पकने की स्थिति में आ चुकी है। साथ ही आलू की बोवनी हो चुकी है, अगस्त माह बीतने को है, लेकिन 15 दिनों से बरसात-पानी की लम्बी खेंच से किसानों को फसल की चिंता सताने लगी है। इसलिए अब ग्रामीणों ने रूठे इंद्रदेव को मनाने के लिए तरह-तरह के टोटके करने शुरू कर दिये है। ग्राम जामली के लोगों ने भी अजीबो-गरीब टोटके से इंद्र देव को प्रसन्न करने का प्रयास किया। यहां गांव के पटेल सरपंच और अन्य लोगों को गधे की सवारी करवाई। इसके बाद गांव के लोगों ने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर अच्छी बारिश की प्रार्थना की है।
गधे की सवारी की शोभायात्रा निकालने वाले ग्रामीणों के अनुसार पुराने दौर में बारिश नहीं होने पर रूठे इंद्रदेव को मनाने के लिए गांव के राजा या पटेल गधे पर बैठकर सवारी करते हुए मुक्तिधाम जाते थे। देवताओं की पूजा कर बारिश के लिए प्रार्थना करते थे। वर्तमान के दौर में गांव के सरपंच और पटेल ही गांव के मुखिया होते हैं। इसलिए इंद्रदेव को मनाने के लिए गधे की सवारी निकाली जा रही है। गांव वालों की आस्था है कि इस तरह का टोटका करने से रूठे इंद्रदेव अच्छी बरसात करेंगे। इस दौरान ग्राम के पटेल राजेश पटेल, सरपंच विजय पाटीदार, योगेश पाटीदार, विनय सेठ, निलेश पाटीदार, निर्मल पाटीदार, शुभम पाटीदार सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
