आगर मालवा/नलखेड़ा (प्रदीप चौबे)। माँ बगलामुखी मंदिर प्रबंध समिति नलखेड़ा द्वारा मंदिर की गरिमा एवं श्रद्धालुओं के हितों की रक्षा हेतु सोशल मीडिया पर “मिर्ची हवन” के नाम से किए जा रहे भ्रामक प्रचार-प्रसार के विरुद्ध कार्रवाई की पहल की गई है।
प्रबंध समिति के संज्ञान में आया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा माँ बगलामुखी मंदिर के नाम एवं प्रतिष्ठा का उपयोग करते हुए “बगलामुखी हवन” को “मिर्ची हवन” के रूप में प्रचारित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है तथा मंदिर की छवि प्रभावित हो रही है।इस संबंध में प्रबंध समिति द्वारा चार सोशल मीडिया अकाउंट्स के विरुद्ध थाना प्रभारी नलखेड़ा को लिखित शिकायत प्रस्तुत कर आवश्यक जांच एवं वैधानिक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। शिकायत में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स के लिंक (URL) एवं अन्य साक्ष्य भी संलग्न किए गए हैं।प्रबंध समिति ने स्पष्ट किया है कि मंदिर परिसर में प्रतिबंधित मिर्ची हवन की अनुमति नहीं है तथा किसी भी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा मंदिर के नाम का दुरुपयोग कर भ्रामक जानकारी प्रसारित करना अनुचित एवं दंडनीय है।समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल माँ बगलामुखी मंदिर प्रबंध समिति के अधिकृत माध्यमों एवं कार्यालय से ही संपर्क करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक प्रचार से सावधान रहें।
