नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये की कटौती का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।
विपक्ष का आरोप है कि चुनाव को देखते हुए सरकार ने ये फैसला लिया है। इस बीच केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इन आरोपों को खारिज किया है।
एक चैनल से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, महंगाई और मुद्रास्फीति हमेशा चिंता की बात रही है। लेकिन भारत इन मामलों में बाकी देशों के मुकाबले बेहतर पोजिशन में है। महंगाई कम करने को लेकर सरकार के किए ऐलान को चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। इसका सभी उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
पुरी ने कहा, जहां तक विपक्ष की बात है, तो मैं उनको एक मैसेज दूंगा। चाहे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे हों या ममता बनर्जी। जब केंद्र सरकार ने सेस को दो बार कम किया है, बीजेपी राज्यों ने अपना वैट कम किया, तो फिर आपने वैट क्यों कम नहीं किया। आप (गैर-बीजेपी शासित राज्य) आखिर वैट की रेट कम क्यों नहीं करते हैं?
उन्होंने कहा, देश के अंदर देख लीजिए। ये लोग जो बातें करते हैं। डीजल का बता दूं, जी-20 के देशों में क्या स्थिति है? दो साल के आंकड़ों पर गौर किया जाए, तो पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका में पेट्रोल डीजल के दाम बढ़े हैं। लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में दो साल से भारत में दाम कम हुए हैं; बढे़ नहीं हैं।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा, उज्जवला लाभार्थी को सिलेंडर की कीमत में 400 रुपये कमी हुई है। आने वाले समय में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के रास्ते पर है। केलेंडर में कोई एक दिन चुन लीजियेगा, उस दिन चुनाव हुआ होगा। जनवरी में रसोई गैस के दाम कम करते, तो आप कहते कि चुनाव को देखते हुए ऐसा हुआ। ऐसे ऐलान का चुनाव से कुछ लेना-देना नहीं है। पीएम मोदी ने अपनी बहनों के लिए गैस सिलेंडर की कीमत में कमी कर दी है।
