उल्हासनगर दौरे में अनुराग ठाकुर ने संतो का आशीर्वाद लिया
बुद्धिजीवियों के साथ भी बैठक कर उनकी समस्या जानी
उल्हासनगर, । केंद्रीय खेल, युवा मामले एवं सूचना तथा प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर कल्याण लोकसभा प्रवास के अंतर्गत कल एकदिवसीय उल्हासनगर दौरे पर थे. बताते चलें कि अनुराग ठाकुर का 9 महीनों के भीतर दूसरी बार उल्हासनगर दौरा है और आने वाले समय में भी वह इस प्रकार के कई दौरे करने वाले है. दरअसल महाराष्ट्र में भाजपा द्वारा मिशन 45 के तहत कल्याण संसदीय क्षेत्र में भाजपा को मजबूत करने तथा यहां पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की राय जानने के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है. यही वजह है कि अनुराग ठाकुर कल्याण संसदीय क्षेत्र में भाजपा की जीत का अवसर तलाश रहे हैं. इसी के तहत वे लगातार कल्याण संसदीय क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं. रविवार को अनुराग ठाकुर उल्हासनगर में अपने दौरे की शुरुआत कैंप पांच स्थित स्वामी शांति प्रकाश आश्रम से की. वहां उन्होंने साईं देवप्रकाश जी महाराज का आशीर्वाद लिया फिर उसके बाद चालिहा साहेब मंदिर गए और उसके बाद वसणशाह दरबार में हाजिरी लगाई जहां उन्होंने साईं कालीराम जी का आशीर्वाद लिया. इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि उल्हासनगर संतों की नगरी कहा कहा जाता है और उन्हें इस बात की ख़ुशी है कि उन्होंने संतो का आशीर्वाद लेकर अपने दिन की शुरुआत की. इसके बाद अपने तयशुदा कार्यक्रम के तहत अनुराग ठाकुर ने कैंप चार के बंगलो एरिया में एक अस्पताल का उद्घाटन कर शहर के डॉक्टरों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना. इसके बाद वे सिंधु यूथ सर्किल में गए जहां उन्होंने विभिन्न एनजीओ के प्रमुखों के साथ बैठक की. इस अवसर पर २४ घंटा सिंधी चैनल दूरदर्शन पर दिखाने की मांग की गई जिसपर उन्होंने कहा कि सिंधी कला, साहित्य को प्रोत्साहन देने के लिए २४ घंटा तो नहीं कुछ घंटे दूरदर्शन पर सिंधी चैनल आने वाले समय में जरूर देंगे. इसके बाद अनुराग ठाकुर ने शहर के कुछ नामचीन ठेकेदारों और उधोगपति के घर पर भेंट दी. इसके बाद वे शहीद जनरल अरुण कुमार वेध सभागृह (टाउन हॉल) में व्यापारियों तथा एनजीओ के प्रमुखों के साथ एक सम्मेलन लिया. फिर पत्रकार सम्मलेन में मोदी सरकार के ९ साल के कार्यकाल का लेखा जोखा पत्रकारों के साथ साझा करते हुए केन्दीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नौ वर्ष की पहचान है सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ईमानदार सरकार के रूप में नौ साल से सरकार चला रही है और गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं सरकार द्वारा लाई गई है. करीब २७ प्रतिशत लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया है. उन्होंने कहा कि प्रधान सेवक के रूप में प्रधानमंत्री मोदी ने काम किया है. इन 9 वर्षों में देश की छवि दुनिया भर में टॉप देश के रूप में उभरी है और लगातार हमारे देश में अंतरराष्ट्रीय निवेश बढ़ता जा रहा है. आज भारत तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप सिस्टम बनकर उभरा है. आलम यह है कि आज एक लाख से अधिक स्टार्टअप भारत में हुए हैं. उन्होंने कहा कि कभी सोचा ना था ऐसे साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा पक्के मकान बनाकर दिए, १२ करोड़ शौचालय बनाकर दिए, १२ करोड़ लोगों को नल से जल दिया, हर गाँव को बिजली पहुंचाई, आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया जिससे भारत एक्सपोर्ट कई गुना बढ़ गया है, भव्य राम मंदिर का निर्माण किया, धारा ३७० को हटा दिया. इस प्रकार अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाई. बहरहाल कल्याण संसदीय क्षेत्र में अनुराग ठाकुर के लगातार दौरे से राजनीतिक क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है. अनुराग ठाकुर के साथ विधायक कुमार आयलानी, संजय केलकर, प्रसाद लाड, पानीपत के सांसद संजय भाटिया आदि मौजूद थे.
