इंदौर। पुण्य एवं पवित्र अधिक मास के समापन के उपलक्ष्य में शहर के प्रसिद्ध श्री चिंतामण हनुमान मंदिर में 9 जून, मंगलवार को विशाल कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। आयोजन मंदिर समिति द्वारा प्रतिमाह आयोजित होने वाले सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में किया जा रहा है।
मंदिर के अध्यक्ष एवं मुख्य पुजारी पंडित शैलेंद्र जोशी ने बताया कि अधिक मास के समापन अवसर पर विशेष रूप से कन्या पूजन एवं कन्या भोजन का आयोजन रखा गया है। इस दौरान कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें स्वादिष्ट एवं सात्विक भोजन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सनातन परंपरा में कन्या पूजन का विशेष महत्व है और इसे देवी स्वरूप कन्याओं के सम्मान एवं आशीर्वाद प्राप्ति का माध्यम माना जाता है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
