माधव एक्सप्रेस,भोपाल। 06 जून, 2026 मध्यप्रदेश से राज्यसभा की खाली हो रही सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों ने आज विधानसभा पहुंचकर अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और प्रदेश के जमीनी नेता रजनीश अग्रवाल ने शनिवार को वरिष्ठ नेतृत्व की मौजूदगी में अपना पर्चा भरा।
नामांकन दाखिल करने से पूर्व दोनों प्रत्याशियों ने वरिष्ठ नेताओं के साथ भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के साथ दोनों नेता विधानसभा पहुंचे और नामांकन की प्रक्रिया पूरी की।
सामान्य कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी सिर्फ भाजपा में संभव: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
नामांकन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा:
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। पार्टी ने तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाकर यह साफ कर दिया है कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश और समाज की सेवा के लिए राजनीति करती है। ये दोनों प्रतिनिधि उच्च सदन में मध्यप्रदेश के हितों की प्रभावी पैरवी करेंगे और गरीब, युवा, महिला व किसानों के कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने आगे जोड़ा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को देश के सर्वोच्च सदन में भेजने का निर्णय केवल भाजपा जैसी कार्यकर्ता-आधारित पार्टी में ही संभव है।
जमीनी कार्यकर्ताओं का चयन प्रदेश के लिए सौभाग्यशाली: हेमंत खंडेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ के संगठनात्मक कौशल और रजनीश अग्रवाल के जमीनी अनुभवों का लाभ आने वाले समय में मध्यप्रदेश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय दर्शाता है कि संगठन अपने हर कार्यकर्ता की योग्यता और क्षमता का सम्मान करता है। राज्यसभा में यह नया नेतृत्व प्रदेश के विकास के लिए सौभाग्यशाली सिद्ध होगा।
मध्यप्रदेश भारत का दिल, यहाँ से प्रतिनिधित्व करना गौरव की बात: तरुण चुघ
नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुघ ने भावुक होते हुए कहा:
“मध्यप्रदेश से मेरा पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। यहाँ संगठन विस्तारक के रूप में कार्य करने का अनुभव मेरे पास है। आज इस पावन धरा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना मेरे लिए अत्यंत गौरव का विषय है।”
उन्होंने कांग्रेस व अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां बाकी दलों में परिवारवाद और ‘परिक्रमावादियों’ (चापलूसों) को आगे बढ़ाया जाता है, वहीं भाजपा में परिश्रम, निष्ठा और समर्पण को सर्वोच्च स्थान दिया जाता है।
जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा: रजनीश अग्रवाल
दूसरे प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने केंद्रीय व राज्य नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यार्थी परिषद और संघ की उसी वैचारिक परंपरा से आते हैं जहाँ राष्ट्रप्रथम सर्वोपरि है। उन्होंने कहा:
“नेतृत्व की जो भी अपेक्षा होगी, उसे राज्यसभा के भीतर और बाहर पूरी प्रामाणिकता के साथ पूरा करूँगा। एक साधारण कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर पार्टी ने हमारे देवतुल्य नेतृत्व की महानता को एक बार फिर साबित किया है।”
वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों का रहा जमावड़ा
इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए प्रदेश सरकार और संगठन के तमाम दिग्गज नेता विधानसभा में मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, उदय प्रताप सिंह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, विश्वास सारंग, राकेश शुक्ला, गौतम टेटवाल, नागर सिंह चौहान, नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रतिमा बागरी, संपतिया उइके और राधा सिंह शामिल थे।
इनके अलावा पूर्व मंत्री व विधायक गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, उषा ठाकुर, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक भगवानदास सबनानी, ललिता यादव, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
