जीडीपी ग्रोथ 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान
महंगाई से मिल सकती है राहत,
नई दिल्ली । रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी आरबीआई ने 30 मई को अपनी एनुअल रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक आरबीआई ने वित्त वर्ष 2023-24 में जीडीपी ग्रोथ 6.5 प्रतिशत रहने के अनुमान को बरकरार रखा है। अपनी एनुअल रिपोर्ट में आरबीआई ने कहा है कि देश में महंगाई का खतरा कम हुआ है। 2023-24 में महंगाई का अनुमान 5.2 प्रतिशत पर बरकरार रखा है।
रिपोर्ट के मुताबिक अगर इस साल देश में सामान्य मानसून रहता है और अगर अल नीनो घटना नहीं होती है तो 2023-24 में महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद है। 2023-24 में थोक महंगाई दर के घटकर 5.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो बीते वित्त वर्ष में 6.7 प्रतिशत थी। अल नीनो एक जलवायु पैटर्न है। इसमें समुद्र का तापमान 3 से 4 डिग्री बढ़ जाता है। इसके प्रभाव से ज्यादा बारिश वाले क्षेत्र में कम और कम बारिश वाले क्षेत्र में ज्यादा बारिश होती है। भारत में अल नीनो के कारण मानसून अक्सर कमजोर होता है। जिससे सूखे की स्थिति निर्मित होती है।
