बजट में राष्ट्रपति भवन के खर्च के लिए 36.22 करोड़ आवंटित किए गए
नई दिल्ली । वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को 2023-24 के केंद्रीय बजट को पेश किया। इस बार बजट में सरकार ने राष्ट्रपति भवन के खर्च में कटौती की है। बजट में राष्ट्रपति भवन के खर्च के लिए 36.22 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं जिसमें कर्मचारियों का वेतन भी शामिल है लेकिन यह राशि पिछले बजट के संशोधित अनुमानों से 10 करोड़ रुपए कम है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बुधवार को पेश किए गए बजट दस्तावेज के मुताबिक राष्ट्रपति कार्यालय के लिए और अन्य खर्च के लिए 90.14 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं जो पिछले बजट में घोषित 84.8 करोड़ रुपए से 5.34 करोड़ रुपए अधिक है। बजट में राष्ट्रपति का वेतन और अन्य भत्तों के लिए 60 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इतना ही नहीं 53.32 करोड़ रुपए राष्ट्रपति सचिवालय के लिए और 36.22 करोड़ रुपए अन्य व्यय के लिए है। पिछले साल के बजट में अन्य व्यय के लिए 41.68 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया था। बाद में संशोधित कर इसे बढ़ाकर 41.68 करोड़ रुपए कर दिया गया था। बजट के दस्तावेजों के मुताबिक अन्य व्यय के तहत जारी बजट को पिछले साल की तुलना में 10.05 करोड़ रुपए घटाकर 36.22 कर दिया गया है। यह 2022-23 की तुलना में 36.22 फीसदी कम है। हालांकि सचिवालय के तहत जारी फंड को 15.39 करोड़ बढ़ाकर 37.93 करोड़ से 53.32 करोड़ कर दिया गया है। अगर देखा जाए तो बजट में राष्ट्रपति कार्यालय के लिए और अन्य खर्च के लिए पिछले साल की तुलना में 5.34 करोड़ रुपए अधिक बजट का प्रावधान किया गया है।
