भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कमल नाथ द्वारा शासकीय कर्मचारियों को चेतावनी के बयान को लेकर कहा कि ये कमलनाथ जी की कुंठा बोल रही है। कुंठित कमलनाथ जी अधिकारी, कर्मचारी को धमका रहें हैं। कांग्रेस के लोग और वे स्वयं खुद को भावी मुख्यमंत्री बताते हैं, तो कभी भविष्यवक्ता बन जाते हैं और पंचांग पढ़ने लगते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ जी आप बुजुर्ग नेता हैं। कम से कम संयम का परिचय दीजिए। एक कुंठित व्यक्ति ही ऐसी भाषा बोल सकता है देख लूंगा, कल के बाद परसों आता है, मैं निपटा दूंगा यह कोई सीनियर नेता बोलता है क्या…?
उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी का वचन पत्र ढोंग पत्र है। आजकल रोज वो एक ट्वीट कर देते हैं। कर्जा माफ, सब को रोजगार, वचन पत्र के वादे उन्होंने पूरे नहीं किए और अब फिर से ढोंग कर रहे हैं। सपने दिखा रहे हैं। सपनों के लिए कौन-कौन क्या-क्या लिख सकता है लिख दो, करना तो है नहीं लेकिन काठ की हांडी एक बार चढ़ती है बार-बार नहीं कमल नाथ जी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि डबल इंजन की सरकार दिल्ली में हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और प्रदेश में हमारी सरकार प्रदेश के विकास और जनकल्याण के महायज्ञ में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सिंगरौली में मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के हितग्राहियों को भूमि स्वामी अधिकार-पत्र वितरित किए हैं। वहीं सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी कई मार्गों की सौगात देने मध्यप्रदेश पधार रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि लगातार मध्यप्रदेश की इंफ्रा में सुधार ही नहीं क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहा है और शानदार सड़कें बन रही हैं।
