कोलकाता । शहरों में वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य पर हेल्थ इफ़ेक्ट इंस्टीट्यूट की ओर से जारी नई रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली और कोलकाता दुनिया के दो सबसे प्रदूषित शहरों में से एक हैं। दुनियाभर के 20 सबसे प्रदूषित शहरों में चीन के पांच तो भारत के तीन शहर शामिल हैं। इस रिपोर्ट ने भारत की राजधानी को पीएम 2.5 के कारण प्रति 1 लाख आबादी में 106 मौतों के साथ 6वें स्थान पर रखा गया है। वहीं कोलकाता प्रति 100,000 लोगों में 99 मौतों के साथ 8वें स्थान पर आया है। चीन की राजधानी पीएम 2.5 के कारण होने वाली ऐसी 124 मौत की वजह से पहले स्थान पर है। इस अध्ययन में कुल 7,000 शहरों को शामिल किया गया था। हालांकि आबादी के अनुसार केवल 106 शहरों को ही रैंकिंग के लिए उपयोगी माना गया। वहीं एनओ 2 एक्सपोज़र के लिहाज से बात करें तो टॉप 20 में एक भी भारतीय शहर शामिल नहीं है। पड़ोसी देश चीन का शंघाई शहर का एनओ 2 औसत एक्सपोज़र को लेकर सबसे बुरा हाल रहा है। इस रिपोर्ट में चिंता की बात यह है कि दुनिया भर में बड़ी संख्या में वैश्विक शहरों ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूचओ) के पीएम 2.5 और एनओ 2 दोनों के मानदंडों को क्रॉस कर लिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2019 में, अध्ययन में शामिल 7,000 से अधिक शहरों में से 86% में प्रदूषकों का जोखिम डब्ल्यूचओ के मानक से अधिक था, जिसकी वजह से लगभग 2.6 बिलियन लोग प्रभावित हुए हैं। अध्ययन ने 2019 में पीएम 2.5 जोखिम को दिल्ली में 29,900 कोलकाता में 21,380 और मुंबई में 16,020 मौतों का कारण माना हैं।
