मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जिला प्रशासन, नगर निगम और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों के साथ किया नाले का निरीक्षण
पानी की निकासी, जल भराव स्थानों पर पानी की जांच और बोरिंगों में क्लोरीन आदि डालने के दिये निर्देश
इन्दौर । सांवेर तहसील के ग्राम कुमेडी और भानगढ़ क्षेत्र में उद्योगों द्वारा केमिकल युक्त बदबुदार काला पानी खेतों और खाली जमीन तथा नालों में छोड़ने का मामला संज्ञान में आने पर जल संसाधन मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक तुलसीराम सिलावट ने जिला प्रशासन, नगर निगम और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों के साथ नाले में मिल रहे दूषित पानी के स्थल का मौका निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट ने प्रदूषण विभाग के अधिकारियों और जिला एवं निगम प्रशासन को निर्देश दिये कि नाले में केमिकलयुक्त बदबुदार काला पानी छोडने वाले उद्योगों को हिदायत देते हुए पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की जाये।
मंत्री सिलावट ने बताया कि ग्राम कुमेडी और भानगढ़ क्षेत्र में उद्योगों द्वारा केमिकल युक्त बदबूदार काला पानी खेतों और खाली जमीन और नालों में छोडने का मामला संज्ञान में आने पर मौका निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर निधि वर्मा और अपर आयुक्त नगर पालिक निगम प्रखर सिंह एवं वरिष्ठ पार्षद राजेन्द्र राठौर से चर्चा की और निर्देश दिये कि केमिकल युक्त बदबुदार काला पानी खेतों और खाली जमीन और नालों में छोडने वाले उद्योगों पर जिला प्रशासन सख्त कार्यवाही करें। साथ ही एक ही स्थान पर पानी जमा न हो तथा जल स्त्रोतों के आसपास पानी भराव न हो, इसकी निकासी के निराकरण करने के निर्देश दिये। क्षेत्र के सभी जल भराव वाले स्थानों एवं बोरिंगों के पानी की जांच करें और उनमें क्लोरीन आदि डालें। साथ ही कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर दण्डित करें। निरीक्षण के दौरान लकी अवस्थी, राजा ठाकुर, पार्षद संध्या जायसवाल, प्रतिनिधि राधा किशन जायसवाल, मासूम जायसवाल, पार्षद योगेश गेंदर, जोनल ऑफिसर नरेन्द्र कुरील, प्रदुषण विभाग के संजय जैन और सतीश चौकसे उपस्थित रहे।