06 से 08 फरवरी तक रोनेक्स इंडिया एक्जीबिशन का आयोजन।
इंदौर(माधव एक्सप्रेस) ।दाल, अनाज एवं अन्य खाद्यान्नों के प्रसंस्करण से जुड़ी आधुनिक और नवीनतम टेक्नोलॉजी की मशीनों की तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का आयोजन 06, 07 एवं 08 फरवरी 2026 को इंदौर में किया जा रहा है।
यह एक्जीबिशन ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसका नाम “रोनेक्स इंडिया” रखा गया है। यह प्रदर्शनी BAPS श्री स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर, (नेमावर रोड चौराहा) बायपास रोड, नायता-मुंडला, इंदौर में आयोजित होगी।
ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय एक्जीबिशन में 200 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कंपनियाँ भाग ले रही हैं। इनमें चीन, टर्की, स्पेन, ताइवान, कोरिया, इंग्लैंड सहित कई देशों की प्रतिष्ठित कंपनियाँ शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही भारत के मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, तमिलनाडु एवं कर्नाटक सहित अनेक राज्यों की खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़ी मशीन निर्माता कंपनियाँ अपनी अत्याधुनिक मशीनरी का लाइव डेमो प्रस्तुत करेंगी। इससे व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को एक ही स्थान पर समस्त प्रकार की आधुनिक मशीनों की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सकेगी। अग्रवाल के अनुसार,
स्पेन से साईलॉस निर्माता कंपनियाँ,
चीन से फ्लॉवर, पल्सेस, साईलॉस, कलर सॉर्टेक्स एवं पल्सेस ड्रायर्स निर्माता कंपनियाँ,
टर्की से फ्लॉवर, दाल मिलिंग, लैब इक्विपमेंट, साईलॉस एवं क्लीनिंग मशीनरी निर्माता कंपनियाँ,
ताइवान से पल्सेस ड्रायर्स तथा
कोरिया से कलर सॉर्टेक्स निर्माता कंपनियाँ
अपने-अपने अत्याधुनिक उत्पादों के साथ इंदौर पहुँच रही हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इस एक्जीबिशन में 30 से अधिक दाल, चावल एवं मैदा मिलिंग / टर्नकी प्लांट बनाने वाली कंपनियाँ भाग ले रही हैं, वहीं 15 से अधिक कलर सॉर्टेक्स निर्माता कंपनियाँ भी बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रही हैं।
यह प्रदर्शनी खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं उद्यमियों के लिए नई तकनीक, नवाचार और व्यापारिक संभावनाओं का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगी।
