शाजापुर । ग्राम मोहना के वरिष्ठ शिक्षक एवं प्राथमिक विद्यालय डूंगरी में पदस्थ शिक्षक विक्रम सिंह ईटावदीया की सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। अपने सादगीपूर्ण स्वभाव और उत्कृष्ट शिक्षण के लिए पहचाने जाने वाले ईटावदीया ने शिक्षा विभाग में लगभग 39 वर्षों तक सेवाएँ प्रदान कीं।
उन्होंने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत माध्यमिक विद्यालय पचलाना से की थी, इसके बाद पचलाना, टिकोन और डूंगरी सहित विभिन्न विद्यालयों में कार्य करते हुए हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संवारा। वे विशेष रूप से गणित एवं संस्कृत विषय के कुशल शिक्षक रहे।
कार्यक्रम में ग्राम डूंगरी सहित आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। सेवानिवृत्ति के इस अवसर पर माहौल भावुक हो गया, जब ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
विदाई समारोह की सबसे आकर्षक झलक तब देखने को मिली जब शिक्षक ईटावदीया को प्राथमिक विद्यालय डूंगरी से उनके निवास मोहना तक घोड़े पर बिठाकर नगर भ्रमण कराया गया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में शिक्षक साथियों ने श्री ईटावदीया को पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही भूतपूर्व शिक्षकों को भी शाल एवं श्रीफल देकर सम्मान प्रदान किया गया। समारोह के उपरांत सभी ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसादी ग्रहण की।
यह आयोजन न केवल एक शिक्षक के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता भी दर्शाता है।