– मकान का नक्शा पास करने के ऐवज में मांगे थे 20 हजार
– पहली किस्त लेते समय धराया
भोपाल(माधवएक्सप्रेस)। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की इंदौर टीम ने पंचायत सचिव को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रोशन वर्मा पिता केदार वर्मा ने बीती 24 जुलाई को ईओडब्लयू इंदौर के अधिकारियो को लिखित शिकायत करते हुए बताया की उनके मकान का नक्शा पास करने के ऐवज में पंचायत सचिव ओम गुप्ता ग्राम पंचायत मगरखेडा जनपद पंचायत सावेर जिला इन्दौर द्वारा 20 हजार की रिश्वत दिये जाने की मांग की जा रही है। शुरुआती जॉच में आरोपी पंचायत सचिव ओम गुप्ता द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाये जाने पर एसपी ईओडब्ल्यू द्वारा पंचायत सचित को रंगे हाथो पकड़ने की योजना तैयार करते हुए ट्रैप टीम बनाई गई। प्लानिंग के मुताबिक ईओडब्लयू टीम ने रिश्वत की रकम देने के लिये फरियादी को आरोपी के कहे अनुसार 1 अगस्त शुक्रवार को ग्राम पंयायत मगरखेडा,जनपद पंचायत सांवेर जिला इंदौर के कार्यालय,अरविंदो टोल टैक्स के पास भेजा। इससे पहले हुई बातचीत में आरोपी पंचायत सचित रिश्वत की पहली किस्त के रुप में 10 हजार की रकम लेने पर तैयार हो गया था। जैसै ही पंचायत सचिव ओम गुप्ता ने फरियादी रोशन वर्मा से रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली। उसी समय फरियादी द्वारा दिये गये इशारे से वहॉ घात लगाकर मौजूद ईओडब्लयू टीम ने उसे रिश्वत की पहली किश्त की रकम 10 हजार सहित रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 7(सी) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जॉच की जा रही है। ट्रैप टीम का नेतृत्व डीएसपी कन्हैयालाल दांगी द्वारा किया गया। टीम में निरीक्षक राजेश साहू,कैलाशचन्द्र पाटीदार,आमोद सिंह राठौर, उप निरीक्षक, पूनम सिंह, सहायक उप निरीक्षक, हरीश वर्मा,प्रदीप मिश्रा,विशाल भायरे,अजय सोलंकी,नीलम कुशवाह और प्रकाश सिंह राठौर की मुख्य भूमिका रही।
