नई शाखा का शुभारंभ एचएफसी की महिला सशक्तिकरण पहल के अनुरूप है

इंदौर, 5 जुलाई 2025: आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड, जो कि कम आय वर्ग के लोगों को हाउसिंग लोन देने वाली भारत की अग्रणी कंपनियों में से एक है, ने आज मध्य प्रदेश के इंदौर में अपनी पहली महिला-संचालित शाखा की शुरुआत की। यह पहल महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और देश के आर्थिक सशक्तिकरण एजेंडे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रयास भारत सरकार के उस विज़न से जुड़ा है, जो वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देकर देश के हर वर्ग तक हाउसिंग फाइनेंस की पहुँच सुनिश्चित करना चाहता है।
इंदौर में शुरू हुई यह विशेष महिला-संचालित शाखा महिलाओं के लिए घर खरीदना और आसान बनाएगी। यह पहल नारी सशक्तिकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और घर को महिलाओं के नाम पर रजिस्टर करने के लिए राज्य सरकार की योजनाओं को और बल देती है। यह शाखा एक ऐसा भरोसेमंद और सहज माहौल तैयार करेगी, जहाँ महिलाओं को होम लोन की प्रक्रिया सरल और सहयोगपूर्ण लगेगी। साथ ही, यह शाखा सभी होम लोन आवेदकों की ज़रूरतों को भी पूरा करेगी।
आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ ऋषि आनंद ने कहा, “यह महिला नेतृत्व मॉडल सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि यह संरचनात्मक बदलाव की शुरुआत है। हमारा विश्वास है कि हाउसिंग फाइनेंस का भविष्य स्थानीय नेतृत्व में है—ऐसे लोग जो अपने क्षेत्र की ज़रूरतों और विविधता को समझते हैं। जब महिलाएं जिम्मेदारी संभालती हैं, तो वंचित इलाकों में विश्वास, समझदारी और स्थिरता की जड़ें और गहरी होती हैं।”
हैंड इन हैंड इंडिया के सीजीएम (ऑपरेशंस) बिनॉय देवासिया ने कहा, “भारत की महिलाएं अब सिर्फ योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि आर्थिक बदलाव की दिशा तय करने वाली भी बन रही हैं। यह शाखा इस बात का उदाहरण है कि अगर संस्थाएं सही ढंग से साथ दें, तो महिलाएं उल्लेखनीय बदलाव ला सकती हैं। यह पहल आधार के उस भरोसे को भी दर्शाती है कि असली बदलाव तभी आता है जब हमारी टीमें समुदायों की ज़रूरतों को समझें और होम लोन प्रक्रिया में उन्हें सही मार्गदर्शन दें।”
आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के बिज़नेस हेड सचिन माहेश्वरी ने कहा, “हमारे ज़्यादातर ग्राहक अपने सपनों के साथ हमारे पास आते हैं, लेकिन उनके मन में कई सवाल भी होते हैं। यह महिला-नेतृत्व वाली शाखा उन सपनों को साकार करने की एक और पहल है। हमारी शाखा प्रबंधक अशीता जुनेजा के नेतृत्व में हमारी टीम धैर्यपूर्वक मार्गदर्शन करती है और समुदाय से गहरा जुड़ाव बनाए रखती है—ताकि परिवार आत्मविश्वास के साथ घर खरीदने का निर्णय ले सकें।”
भारत में अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए, आधार की इंदौर स्थित महिला-नेतृत्व वाली शाखा एक ऐसा मॉडल बनकर उभरेगी, जो ग्राहक-प्रथम नवाचार और सशक्त टीमों की भूमिका को दर्शाती है। यह पहल भारत सरकार के वित्तीय समावेशन सूचकांक से प्राप्त महत्त्वपूर्ण संकेतों के प्रति रणनीतिक प्रतिक्रिया भी है, जिसमें खासकर महिलाओं और ग्रामीण आबादी के लिए वित्तीय सेवाओं की पहुंच, उपयोग और गुणवत्ता को प्राथमिकता देने की जरूरत बताई गई है।
