इंदौर, 1 मार्च 2025 – सिनेमा को समाज का आइना कहा गया है, लेकिन पिछले कुछ दशकों में इस आईने ने एक नई तस्वीर समाज के सामने रखी है। अब अधिकतर फिल्मों और शोज़ में अपराधियों को महिमामंडित करने की एक नई प्रथा ने जन्म ले लिया है। लेकिन हाल ही में इस लीक से हटकर तेलुगु भाषा की एक ऐसी फिल्म लीगली वीर’ चर्चा में आई. जिसने इस कड़ी को तोड़ते हुए एक नया इतिहास रच दिया। इस फिल्म ने कानून और क़ानून के लिए लड़ने वाले वकीलों की एक दमदार तस्वीर पेश की।
तेलुगु भाषा में इसके बेहतरीन प्रदर्शन के बाद इस फिल्म की मांग लगातार हिंदी में की जा रही थी, इसी को ध्यान में रखकर यह बहुप्रतीक्षित कानूनी ड्रामा 7 मार्च को हिंदी में रिलीज़ होने जा रहा है। जाने-माने अभिनेता वीर रेड्डी अभिनीत इस फिल्म में भारत की न्याय प्रणाली की जटिलताओं को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है, वहीं कानून के दांव-पेंच को भी उजागर किया गया है।
लीगली वीर के मुख्य अभिनेता वीर रेड्डी ने कहा कि, “यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है क्योंकि यह उन वकीलों की कहानी को सामने लाती है, जो सच्चाई और न्याय के लिए अनगिनत बाधाओं से लड़ते हैं। भारत की न्याय प्रणाली जटिल है, लेकिन इसमें काम करने वाले निडर और ईमानदार वकील इसे मजबूती से आगे बढ़ाते हैं। लीगली वीर न सिर्फ एक फिल्म है. बल्कि यह उन अनगिनत वकीलों की गाथा है, जो अन्याय के खिलाफ खड़े होते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “लीगली वीर एक ऐसी कहानी है, जो सिर्फ कोर्टरूम ड्रामा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह न्याय के लिए संघर्ष की एक प्रेरणादायक यात्रा है। जब मैंने इस किरदार को निभाया, तो मुझे अहसास हुआ कि एक वकील सिर्फ कानून की किताबों से नहीं, बल्कि अपने साहस और सच्चाई की ताकत से जीतता है। मुझे गर्व है कि यह कहानी अब हिंदी दर्शकों तक पहुंचेगी और उन्हें भी एक नया दृष्टिकोण देगी। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म न सिर्फ मनोरंजन करेगी, बल्कि न्याय व्यवस्था पर लोगों के विश्वास को भी दृढ़ करेगी।”
फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक रवि गोगुला ने किया है, इस फिल्म के बारे में अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, “लीगली वीर एक ऐसी फिल्म है, जिसे बनाते समय हमने हर उस पहलू का
ध्यान रखा, जो भारत की न्याय प्रणाली और उसमें आने वाली चुनौतियों को वास्तविकता के करीब ला सके। हमारा मकसद केवल एक रोमांचक कहानी कहना नहीं था, बल्कि हम चाहते थे कि दर्शक इस फिल्म के जरिए उन लोगों को देख सकें, जो निस्वार्थ भाव से न्याय के लिए लड़ते हैं।
अक्सर फिल्मों में हमें वकील या तो विलेन के रूप में दिखते हैं या फिर महज किसी बड़े अपराध की परतें खोलने वाले माध्यम के रूप में। लेकिन हकीकत में एक वकील की भूमिका इससे कहीं बड़ी होती है। वह समाज में संतुलन बनाए रखने और न्याय दिलाने का एक महत्वपूर्ण स्तंभ होता है। लीगली वीर में हमने इस संघर्ष को पूरी सच्चाई के साथ दिखाने की कोशिश की है।
तेलुगु भाषा में जब हमने यह फिल्म रिलीज़ की, तो हमें उम्मीद थी कि लोग इसे पसंद करेंगे, लेकिन जिस तरह की प्रतिक्रिया हमें मिली, वह अविश्वसनीय थी। दर्शकों ने फिल्म को अपनाया और इसकी कहानी को सराहा।
यही कारण है कि हमने इसे हिंदी में भी लाने का फैसला किया। ‘लीगली वीर के हिंदी एडिशन में वीर रेड्डी, प्रियंका रेवरी और तनुजा पुडास्वामी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। हिंदी दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर पहले ही बहुत उत्साह है, और हमें यकीन है कि 7 मार्च को जब यह रिलीज़ होगी, तो यह लोगों के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाएगी।”
