अयोध्या । राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद से राम लला के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ गई है। मंगलवार को हजारों की संख्या में राम भक्त तडक़े तीन बजे अयोध्या के मुख्य द्वार पर पहुंच गए। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे अयोध्या में भीड़ बढ़ती रही। हालाता ये हैं कि पुलिस और प्रशासन के लिए हालात काबू करना मुश्किल हो गया है। भीड़ को काबू करने के लिए प्रशासन ने फैसला लिया है कि अयोध्या में राम पथ पर वाहनों की अनुमति नहीं होगी। मतलब भक्तों को यहीं से पैदल जाना होगा। कई लौग इस कारण परेशान होते नजर आए। उधर बेकाबू होती भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या पहुंच गए। सीएम योगी ने पीएस गृह और डीजी लॉ एंड ऑर्डर के साथ बैठक कर स्थिति को नियंत्रित करने का निर्देश दिया। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंगलवार को मंदिर में आम लोगों का दर्शन शुरू हो चुका है। रात 3 बजे से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रामलला के दर्शन के लिए कई राज्यों से लोग आए हुए हैं। जैसे ही मंदिर के गेट खुले तो लोगों में अंदर जाने के लिए होड़ सी मच गई। दर्शन के लिए उमड़े हुजूम का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर में शयन के लिए बंद किए गए भगवान रामलला के कपाट एक घंटे पहले ही खोल दिए गए। रामलला के शयन के लिए पट दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक बंद रहने थे, लेकिन भीड़ के चलते 1 बजे ही खोल दिए गए। लोगों को दर्शन के लिए छोटे-छोटे ग्रुपों में भेजा जा रहा है। एक बार तो लोग सिक्योरिटी तोडक़र ही भाग निकले। सुरक्षा के लिए कड़े इंतेजाम कर दिए गए हैं। बाहर से आने वाले लोगों को बीच में ही रोक दिया गया है। -भारी भीड़ के चलते नड्डा का दौरा रद्द अयोध्या में भारी भीड़ को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अयोध्या दौरा रद्द कर दिया गया है। नड्डा बुधवार को अयोध्या जाकर राम लला के दर्शन करना चाहते थे। -नई मूर्ति का नाम बालक राम राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई श्रीरामलला की नई मूर्ति को बालक राम के नाम से जाना जाएगा। पुजारी अरुण दीक्षित ने बताया की भगवान राम की मूर्ति का नाम बालक राम रखा जाएगा।
