नई दिल्ली । बढ़ती ठंड और कोहरे के चलते दिल्ली ठिठुर रही है। वहां लोगों की दैनिक दिनचर्या पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। काम धंधे पर निकलने वाले को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत जितना ही है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सर्दी की वजह से लोगों के जनजीवन पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।कोहरे और तेज सर्दी के कारण लोग परेशान हैं। ट्रेनें, बसें लेट हो रही है। इस वजह से आमजन भी ऑफिस व दुकानों पर देरी से पहुंच रहे हैं। बाजार देरी से खुल रहे हैं और जल्दी बंद हो रहे हैं। खरीदारों को भी खरीद फरोख्त में काफी परेशानी हो रही है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मौसमी औसत से छह डिग्री कम है। शहर में बुधवार सुबह 7:30 बजे सफदरजंग में सबसे कम दृश्यता 700 मीटर दर्ज की गई, जबकि पालम में 8:30 बजे दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई। भारतीय रेलवे के मुताबिक, कोहरे और शीत लहर के कारण कुल 18 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। शहर भर के कई स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली के आनंद विहार में पीएम2.5 का स्तर 307 पर बहुत खराब श्रेणी में और पीएम10 का 181 पर मध्यम श्रेणी में रहा। सीओ (कार्बन मोनोऑक्साइड) 135 या मध्यम पर था। शून्य और 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को अच्छा; 51 और 100 के बीच संतोषजनक; 101 और 200 के बीच मध्यम; 201 और 300 के बीच खराब; 301 और 400 के बीच बहुत खराब; तथा 401 और 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डे के टर्मिनल 3 पर भी पीएम2.5 का स्तर 292 रहा, जो खराब श्रेणी है, जबकि पीएम10 का स्तर 166 पर मध्यम श्रेणी में था। बता दें कि आईएमडी कोहरे की तीव्रता को चार प्रकारों में वर्गीकृत करता है: उथला, मध्यम, घना और बहुत घना कोहरा। इनमें दृश्यता क्रमशः 999 मीटर से 500 मीटर, 499 मीटर से 200 मीटर, 199 मीटर से 50 मीटर और 50 मीटर से कम होती है।
