दिल्ली/देवास,l विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत बुधवार को ग्राम पंचायत जामगोद की रुबीना बी से पीएम नरेंद्र मोदी वर्चुअल संवाद किया। ग्राम पंचायत जामगोद में विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत कार्यक्रम सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रालय में कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से जुड़े। स्व सहायता समूह की दीदियों से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दीदियों से उनके काम, उनके जीवन में आए बदलाव और सहायता समूह से जुडऩे के बाद उनकी प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान देवास की रुबीना द्वारा यह बताने पर की उन्होंने एक मारुति वैन कार भी खरीद ली है, प्रधानमंत्री बोले कि मेरे पास तो साइकिल भी नहीं है। इस दौरान प्रधानमंत्री की बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ो दीदियां, अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी ठहाके लगाने लगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सर्वाधिक 8 मिनट का समय देवास जिले की रुबीना से बात करते हुए बिताया। इस दौरान प्रधानमंत्री काफी प्रसन्न नजर आए। रुबीना ने मात्र 5000 का लोन लेकर घर-घर कपड़े बेचने से शुरुआत करने और अपनी पूरी यात्रा के बारे में प्रधानमंत्री को बताया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प से जुडऩे और देशवासियों को जोडऩे का ये अभियान लगातार विस्तार ले रहा है। दूर-दूर गांव तक पहुंच रहा है और गरीब से गरीब को जोड़ रहा है, इस महा अभियान को सफल बनाने के लिए मैं आप सभी देशवासियों और माताओं-बहनों का आभार व्यक्त करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा को शुरू हुए अभी 50 दिन भी नहीं हुए, लेकिन ये यात्रा अबतक लाखों गांवों में पहुंच चुकी है। ये अपने आपमें एक रिकार्ड है। बीते दिनों जब-जब मुझे इस यात्रा से जुडऩे का अवसर मिला है, तो मैंने एक बात नोट की है। जिस प्रकार देश के गरीब, किसान, युवा और महिलाएं आत्मविश्वास से अपनी बातें सामने रखते हैं, उन्हें सुनकर मैं खुद विश्वास से भर जाता हूं। देशव्यापी हेल्थ चेकअप प्रधानमंत्री ने कहा कि पहली बार देशव्यापी हेल्थ चेकअप हो रहा है। लगभग 1.25 करोड़ लोगों का हेल्थ चेकअप हो चुका है। 70 लाख लोगों की टीबी से जुड़ी जांच पूरी हो चुकी है। 15 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच हुई है। आजकल तो आयुष्मान भारत कार्ड के साथ-साथ एमबीएचए कार्ड भी तेजी से बनाए जा रहे हैं। गारंटी वाली गाड़ी मोदी की गारंटी वाली गाड़ी जहां भी जा रही है, वहां लोगों का विश्वास बढ़ा रही है। यात्रा शुरू होने के बाद उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए 4.5 लाख नए लाभार्थियों ने आवेदन किया है। यात्रा के दौरान मौके पर ही 1 करोड़ आयुष्मान कार्ड दिए जा चुके हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए, गांवों में महिलाओं को स्वरोजगार देने के लिए भारत सरकार बहुत बड़ा अभियान चला रही है। वोकल फार लोकल बीते वर्षों में देश में लगभग 10 करोड़ बहन-बेटियां और दीदियां स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान हमें वोकल फार लोकल का संदेश गांव-गांव, गली-गली तक पहुंचाना है। भारत के युवाओं, किसानों का श्रम और भारत की मिट्टी की महक जिसमें हो, ऐसे सामान को खरीदें और उसका प्रचार-प्रसार करें।
