शाजापुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के मार्गदर्शन में गुलाना तहसील क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन द्वारा छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान दो स्थानों से बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे जब्त कर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराया गया।
अनुविभागीय अधिकारी गुलाना सुश्री नेहा गंगारे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर ग्राम कालीसिंध पाडली स्थित पल्लवी कंगन स्टोर पर औचक दबिश दी गई। दुकान संचालक मनोहर राठौर के पास से बड़ी संख्या में अवैध पटाखे बरामद हुए। जांच के दौरान वह पटाखों के भंडारण संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रशासन ने मौके से समस्त पटाखे जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना बेरछा में मामला दर्ज कराया।
इसी क्रम में ग्राम गुलाना के मुख्य बाजार क्षेत्र में भी संयुक्त दल ने कार्रवाई की। यहां घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से बारूद और पटाखों का संग्रहण किया जा रहा था। प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने अकबर खा मंसूरी के आवास सह दुकान पर छापा मारकर 8 बड़े खोखे भरकर अवैध पटाखे जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध थाना सलसलाई में प्रकरण पंजीबद्ध कराया गया।
पूरी कार्रवाई में स्थानीय राजस्व अमले एवं पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।