सीएम ने यूपी के युवाओं से वैक्सीन वार फिल्म देखने का आह्वान करते हुए षडयंत्रों करने वालों को बेनकाब करने की अपील की।
*सीएम ने की अपील- यूपी का हर युवा जरूर देखे वैक्सीन वार फिल्म*
सीएम ने कहा कि भारत में कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन व 220 करोड़ फ्री वैक्सीन देने का कार्य हुआ है। नई फिल्म आई है-वैक्सीन वार, इसमें आप देखेंगे कि भारत की शानदार वैज्ञानिक उपलब्धियों को लेकर भारत ने दुनिया के अंदर क्या मिसाल प्रस्तुत की है।
भारत के खिलाफ षडयंत्र करने वाले शत्रुओं को बेनकाब करने वाला, भारत के महान वैज्ञानिकों के द्वारा किए गए अनुसंधान व भारत को वैश्विक मानचित्र पर नया सम्मान दिलाने की नई कामना का नाम है वैक्सीन वार। हर विद्यार्थी-युवा से कहूंगा कि इस फिल्म को जरूर देखें और भारत की वैज्ञानिक उपलब्धि पर गौरव की अनुभूति करें। उन षडयंत्रों को समझें, जो भारत व भारतीयता के खिलाफ की जा रही है। ऐसा करके कुछ लोग अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं। इन लोगों को समझने, कृत्यों को एक्सपोज करने और दुनिया के सामने बेनकाब किए जाने की आवश्यकता है। वैक्सीन वार उस दिशा में किया गया बेहतरीन प्रयास है। इन्हें जनसमर्थन प्राप्त होना ही चाहिए। मैं आह्वान करुंगा कि यूपी का हर युवा इस फिल्म को देखने जरूर जाए। जब देश महामारी से लड़ रहा था, यह लड़ाई व्यक्ति की नहीं थी। जब कैप्टन के रूप में प्रधानमंत्री लीड कर रहे थे, तब कुछ लोग दुष्प्रचार कर इस लड़ाई को कमजोर करने का प्रयास कर रहे थे। वैक्सीन वार जैसी फिल्म में देश के खिलाफ होने वाले षडयंत्र व चेहरों को भी देख सकते हैं, जो देश के खिलाफ षडयंत्र करने में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतते।
