:: 900 स्कूलों के प्राचार्य-शिक्षक और विद्यार्थी होंगे शामिल ::
:: डेली कालेज में होगा सम्मेलन ::
इन्दौरl सीबीएसई स्कूल के सहोदय समूह की इन्दौर इकाई द्वारा दो दिवसीय जी-20 व राज्यस्तरीय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) सम्मेलन 12 सितंबर से डेली कालेज में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के 900 स्कूलों के प्राचार्य-शिक्षक और विद्यार्थी शामिल होंगे। मुख्य अतिथि सीबीएसई दिल्ली के अकादमी निदेशक डॉ. जोसेफ इमैनुएल व विशेष अतिथि कौशल शिक्षा के निदेशक डॉ. विश्वजीत साहा, एक्सप्रेंशस इंडिया के कार्यक्रम निदेशक डॉ. जगदीप नागपाल होंगे। मुख्य वक्ता अनिल श्रीनिवास होंगे। अतिथियों में क्षेत्रीय अधिकारी विकास अग्रवाल, सेंटर आफ एक्सीलेंस डा. राजीव गुप्ता और कलेक्टर डा. इलैया राजा टी भी उपस्थित रहेंगे।
शनिवार को सहोदय समूह की इन्दौर इकाई की चेयरपर्सन इसाबेल स्वामी और सचिव पूनम शेखवात ने बताया कि सहोदय समूह ने देशभर के छह राज्यों में कान्फ्रेंस रखी है। चौथा सम्मेलन इन्दौर सहोदय स्कूल कांप्लेक्स एंड एक्सप्रेशंस इंडिया व द नेशनल लाइफ स्किल्स एंड स्कूल वेलनेस प्रोग्राम के सहयोग से डेली कालेज में रखा गया है, जिसमें पहले दिन एनईपी के बारे में सीबीएसई के अधिकारी बताएंगे। इसके अलावा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
:: अधिकारियों और प्राचार्यों के बीच होगा पैनल डिस्कशन ::
उद्घाटन सत्र के बाद सीबीएसई के अधिकारियों और स्कूलों के प्राचार्यों के बीच पैनल डिस्कशन होगा। सत्र में जी-20 देशों के शिक्षा पद्धति पर चर्चा होगी। साथ ही नई शिक्षा नीति के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी देंगे। उसमें कौशल आधारित शिक्षा पर जोर दिया जाएगा। संस्था की सह सचिव सुमन कोचर और डा. शमाली चटर्जी ने बताया कि पहले दिन के दूसरे सत्र में प्राचार्य-शिक्षकों के बीच स्कूली शिक्षा में नवाचार पर बातचीत होगी। सुझाव एकत्रित किए जाएंगे।
:: शिक्षक-विद्यार्थियों के बीच समूह में होगी चर्चा ::
अंतिम दिन स्कूलों से आए विद्यार्थियों की कौशल आधारित शिक्षा पर प्रदर्शनी होगी। साथ ही शिक्षक-विद्यार्थियों के बीच समूह में चर्चा रखी गई है। प्रत्येक समूह में आठ से दस विद्यार्थी रहेंगे, जो म्यूजिक, डांस, आर्ट्स, पेंटिंग सहित कई विषयों पर बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय सम्मेलन में 600-700 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
