इंदौर । पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, अभी मैं बूढ़ा नहीं, जवान हूं। मुझे याद है यह 79 की बात है, जब मैं चुनाव लड़ा और जीता मैंने तभी संकल्प लिया कि जब जिले की सडक़ें बनवा लूंगा तभी दम लूंगा। कमलनाथ रविवार को इंदोर दौरे पर हैं। यहां आदिवासी युवा महापंचायत में कमलनाथ ने कहा कि मैं उस जिले से आता हूं, जिसकी आदिवासी आबादी आपके जिले से भी अधिक है। आप जाकर इंटरनेट में देखिए छिंदवाड़ा जिले के आदिवासियों की संख्या कितनी है। मुझे गर्व है कि मैंने आदिवासियों के साथ काम करने का मुझे मौका मिला।
इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आदिवासी युवा महापंचायत का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में कमलनाथ के साथ राज्यसभा सदस्य व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार मौजूद रहे। कमलनाथ ने जय जोहार से अपने भाषण की शुरुआत की।
कार्यक्रम में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और कन्हैया कुमार और शोभा ओझा ने महिलाओं के सवाल के जवाब दिए। स्किल और ट्रेनिंग के सवाल पर जवाब देते हुए कमलनाथ ने कहा कि जब भी मौका मिले, हमारे छिंदवाड़ा के मॉडल को देखने आइएगा। वह देश में एक मॉडल है, जहां स्किल डेवलपमेंट और ट्रेनिंग पर सबसे अच्छा काम होता है। कमलनाथ ने कहा कि मैं सरकार की बनाई योजना पर भरोसा नहीं करता। महिलाएं आगे आएं और अपने हित के लिए आवाज उठाएं। योजनाएं सिर्फ कागज में बनती हैं, जो स्क्रीन में देखने में बहुत अच्छी लगती हैं लेकिन क्रियान्वयन की जरूरत है।
