बेंगलुरु । ऐसे समय में जब वन विभाग क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच दहशत पैदा करने वाले तेंदुओं को बचाने के लिए सभी उपाय कर रहा है। तब कर्नाटक के हासन जिले के बागिवलु गांव में एक युवक ने गजब कर दिया। युवक ने अपने खेत के पास एक तेंदुए को देखा जो बीमार लगा रहा था। उसने तेंदुए के पैरों को बांध दिया और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर लादकर अपने गांव ले गया। इसके बाद वन विभाग को फोन करके जानकारी दी। इसके बाद बीमार तेंदुए को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक का नाम वेणुगोपाल उर्फ मुथु है। जानकारी के मुताबिक, वेणुगोपाल अपनी मोटरसाइकिल से अपने खेत की ओर जा रहे थे। तभी उनके खेत में एक बीमार तेंदुआ देखा। उसने देखा कि तेंदुआ कुछ रिस्पांस नहीं कर रहा है। इस पर वेणुगोपाल ने हिम्मत जुटाई और उसे भगाने की कोशिश की लेकिन तेंदुए ने उस पर हमला करना चाहा। हालांकि बीमार होने के कारण वह बैठ गया। इस पर वेणुगोपाल ने तेंदुए को पकड़ लिया। इसके बाद उसके हाथ-पैर को मोटरसाइकिल पर रस्सी से बांध दिया। तेंदुए का इलाज गंडासी के पशु चिकित्सालय में किया जा रहा है। वन विभाग के कर्मियों ने कहा कि हालांकि वन अधिनियम के अनुसार किसी जंगली जानवर को चोट पहुंचाना अपराध है, हो सकता है कि वेणुगोपाल ने आत्मरक्षा के लिए जानवर को पकड़ लिया हो।
