इन्दौर । नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड आज इन्दौर पहुँचे। विमानतल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका भावभीना स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान के आत्मीय व्यवहार से अभिभूत नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड ने कहा कि ऐसा लग ही नहीं रहा है कि वे उनसे पहली बार मिले हैं।
आज इन्दौर पहुँचने पर नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का भावभीना स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा कि भारत और नेपाल अत्यंत प्राचीन राष्ट्र हैं। भारत और नेपाल भले ही दो शरीर हों पर सांस्कृतिक रूप से वे एक हैं। दोनों का सांस्कृतिक वैभव, सभ्यता और संस्कार एक जैसे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध आने वाले दिनों में और भी प्रगाढ़ होंगे।
एयरपोर्ट इन्दौर में इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, राज्यसभा सांसद सुश्री कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इन्दौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला तथा महेन्द्र हार्डिया, सुदर्शन गुप्ता, भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री प्रचंड के साथ अन्य अतिथि भी इन्दौर पहुँचे। इनमें सुश्री गंगा दहल, नेपाल के विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सोद सहित अन्य मंत्रीगण और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड के आगमन के अवसर पर मध्यप्रदेश के सांस्कृतिक परिदृश्य का प्रदर्शन किया गया। निमाड़ का गणगौर और साथ में भगोरिया के उल्लासपूर्ण नृत्य के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। इन्दौर के युवाओं के श्रीस्वर ध्वज पथक के 50 सदस्यीय दल ने ढोल-तासों और केसरिया ध्वज के साथ उद्घोष करते हुए प्रधानमंत्री प्रचंड का स्वागत किया। बालिकाओं द्वारा कथक नृत्य से भी अतिथियों का स्वागत किया गया।
प्रधानमंत्री प्रचंड इन्दौर एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में इन्दौर के सभी जन प्रतिनिधियों से भी मिले और इन्दौर के पोहे और समोसे का भी स्वाद लिया। मुख्यमंत्री चौहान ने इस अवसर पर उन्हें इन्दौर की विशेषताओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री के उज्जैन रवाना होने के पश्चात एयरपोर्ट परिसर में उपस्थित नेपाली मूल के नागरिकों से मिले और साथ ही यहाँ सांस्कृतिक प्रस्तुति देने आए विभिन्न दलों से भी मुलाक़ात की और उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें सराहा।
