देश में राष्ट्रीय स्तर की कई योजनाओं का लांचिंग पैड काशी बनी
वाराणसी । प्रधानमंत्री बनने के बाद काशी के सांसद नरेंद्र मोदी ने देश में बहुत सारी नई योयजनाओं-परियोजनाओं की शुरुआत की। इनमें से राष्ट्रीय स्तर की कई योजनाओं का लांचिंग पैड काशी बनी। देश में आज जो स्वच्छता की अलख जगी है उसकी शुरुआत काशी से ही हुई। प्रधानमंत्री ने गंगा किनारे असि घाट पर जो फावड़ा चलाया वह इतिहास बन गया। पूरे देश को स्वच्छ बनाने के लिए करोड़ों भगीरथ निकले जिसका परिणाम लोगों में स्वच्छता के प्रति आए बदलाव में दिखने लगा है। स्वच्छ भारत अभियान की काशी से शुरुआत ऐसे ही नहीं हुई। वर्ष 2014 में काशी से सांसद बनने के बाद चुनाव परिणाम के अगले दिन मोदी काशी आए। गंगा आरती की, उसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए स्वच्छ भारत बनाने की बात अपने भाषण में की। बाद में कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत काशी से की। देश में रेल सेवा में जो सुधार और बदलाव आया है उसमें सबसे प्रमुख कार्य सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन की सेवा है। जब पहली वंदे भारत तैयार हुई तो फरवरी 2019 में मोदी ने काशी से ही इसकी शुरुआत की। आज सभी राज्य और बड़े शहर अपने को वंदे भारत ट्रेन की सेवा से जोड़ने के लिए लालायित है। देश को जल्दी ही स्वतंत्रता के अमृत वर्ष में 75 वंदे भारत मिलने वाली है। काशी से ही प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन की शुरुआत की। इसके तहत स्वास्थ्य के क्षेत्र में मजबूत जन सुविधाओं को विकसित करने का देश में अभियान चला। भविष्य में सड़क और रेल मार्गों पर बढ़ने वाले दबाव को देखते हुए प्रधानमंत्री ने जल परिवहन को बढ़ावा देने की योजना बनाई। इसके लिए जल परिवहन राजमार्ग नंबर-1 वाराणसी से हल्दिया 1380 किलोमीटर को बनाया गया। इसका विकास कर काशी से जल परिवहन की शुरुआत की।
पहला जलयान भी वाराणसी से डिब्रूगढ़ के लिए रवाना हुआ। मोदी ने सिलेंडर से गैस का चूल्हा जलाने की समस्या को देखते हुए पाइप लाइन से नेचुरल गैस देने की ऊर्जा गंगा की शुरुआत भी काशी से की। इसकी जिम्मेदारी देश की नवरत्न कंपनियों में से एक गैस अथआरिटी आफ इंडिया लिमिटेड गेल को दिया गया। नई योजनाओं की शुरुआत के क्रम में प्रधानमंत्री ने महसूस किया कि देखा जाए योजनाओं का गांवों पर कितना प्रभाव पड़ रहा। इसके लिए उन्होंने सांसद आदर्श गांव की शुरुआत की। उन्होंने सांसद के रूप में अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के ग्राम जयापुर का चयन किया जो आज विकास का माडल बना है। इसी तरह पीएम गति शक्ति योजना का राष्ट्रीय एजेंडा तैयार करने के लिए यहां उससे संबंधित सभी विभागों की सम्मिट आयोजित की। इसके अलावा देश भर में स्वास्थ्य सुविधाओं को समृद्ध करते हुए जहां बीमार वहीं उपचार की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन भी यहां से ही शुरू किया।
