30 जनवरी से होगी शुरुआत प्रदेश के आठ शहरों में होंगे मुकाबले
भोपाल । मध्यप्रदेश में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 इस माह के अंत में 30 जनवरी से शुरु होंगे। खेलो इंडिया के इस पांचवें संस्करण के दौरान होने वाले 27 विभिन्न खेल में प्रदेश के 470 खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। यह मुकाबले 13 फरवरी तक होंगे। 13 दिनों तक प्रदेश के अलग- अलग शहरों के 23 गेम वेन्यू में 6 हजार खिलाड़ी अपना प्रदर्शन करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रदेश के आठ विभिन्न शहरों में हो रहा है। इसमें भोपाल में नौ खेल इंदौर में छह ग्वालियर में चार उज्जैन और मंडला में दो-दो जबलपुर में चार तथा बालाघाट एवं खरगोन में एक-एक खेल होंगे। इसके अलावा एक खेल का आयोजन नई दिल्ली में भी किया जाएगा। नई दिल्ली के आईजी स्टेडियम में दो से चार फरवरी तक साइकिलंग के मुकाबले होंगे।
भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में एथलेटिक्स में 26 खिलाड़ी मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन से पांच फरवरी तक पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। डीएसवाई डब्ल्यू हॉल में सात से 11 फरवरी तक कुश्ती के मुकाबले होंगे। वहीं मुक्केबाजी के मुकाबले पांच दिन तक भोपाल में 31 जनवरी से चार फरवरी तक खेले जाएंगे। निशानेबाजी एकेडमी में एक से छह फरवरी तक चलने वाले मुकाबलों में मध्यप्रदेश के सात खिलाड़ी निशाना साधेंगे। वहीं वाटर स्पोर्ट्स के दो खेलों के मुकाबले भोपाल के बड़े तालाब स्थित वाटर स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले जाएंगे।
इंदौर में खेलो इंडिया के 30 जनवरी को उद्घाटन समारोह के बाद दूसरे दिन 31 जनवरी को इंदौर में बास्केटबॉल के मुकाबले खेले जाएंगे जो चार फरवरी तक इंदौर के अभय प्रशाल में 30 जनवरी से टेबल टेनिस के मुकाबले शुरू होंगे। इंदौरवासी पांच से नौ फरवरी तक कबड्डी के शानदार मुकाबले अभय प्रशाल में देख सकेंगे। इंदौर के एमरॉल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में एक से 10 फरवरी तक युवा फुटबॉलर्स (पुरुष) को शानदार प्रदर्शन करते हुए देख सकेंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के टेनिस के मुकाबले छह से 10 फरवरी तक इंदौर में खेले जाएंगे।
ग्वालियर में मध्यप्रदेश की मेजबानी में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में बैंडमिंटन हॉकी जिम्नास्टिक और कलरिपावट्टू के मुकाबले होंगे। उज्जैन में एक से 10 फरवरी तक योग और मलखम्ब के शानदार मुकाबले होंगे। माधव सेवा न्यास उज्जैन में एक से तीन फरवरी तक योगासन और छह से 10 फरवरी तक मलखम्ब के 12 खिलाड़ी प्रदर्शन करेंगे।
जबलपुर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में 30 जनवरी से 10 फरवरी तक खो-खो तीरंदाजी फेंसिंग साइकिलिंग (रोड) प्रतियोगिताएं होंगी। महेश्वर (खरगोन) में छह और सात फरवरी को सहस्त्र धारा में सलालम के मुकाबले खेले जाएंगे।
