नई दिल्ली । विधानसभा में वीर सावरकर की तस्वीर लगाने पर मचे राजनीतिक तूफान के बीच केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस नेता औकर्नाटकर पूर्व सीएम सिद्दारमैया पर निशाना साधकर पूछा है कि उन्हें बताना चाहिए कि अगर विधान सभा में वीर सावरकर की तस्वीर नहीं लगाएं तब क्या दाऊद इब्राहिम की तस्वीर लगाएं? जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधकर कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति की वजह से ही आज देश की यह हालत हो गई है। उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस आजादी के आंदोलन के दौर वाली कांग्रेस नहीं है बल्कि यह नकली कांग्रेस है।
संसद के सेंट्रल हॉल में भी वीर सावरकर की तस्वीर लगे होने का हवाला देकर जोशी ने कहा कि सावरकर के साथ उनके वैचारिक मतभेद अपनी जगह है लेकिन इस बात को नकारा नहीं जा सकता कि वीर सावरकर एक अप्रतिम देशभक्त थे जिन्होंने कई सालों तक अंडमान निकोबार के सेल्युलर जेल में प्रताड़ना झेली थी। उन्होंने कटाक्ष कर कहा कि कांग्रेस के नेता तो सेल्युलर जेल में एक दिन भी नहीं रह सकते थे। उन्होंने कहा कि सिर्फ वैचारिक मतभेद की वजह से इस तरह का विरोध करना ठीक नहीं है। कांग्रेस के साथ और कांग्रेस के पहले के नेताओं के साथ हमारा (भाजपा) भी वैचारिक विरोध है।
