गांधीनगर | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात दौरे के दूसरे दिन राज्य को दो बड़ी सौगात दी| पहली हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेन का लोकार्पण किया| इस मौके पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, रेल राज्यमंत्री दर्शनाबेन जरदोश, गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटील समेत अन्य महानुभाव उपस्थित रहे| गुजरात की राजधानी गांधीनगर से मुंबई के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन गुजरात की पहली और देश की तीसरी ट्रेन है| पीएम मोदी ने वंदे भारत ट्रेन का उदघाटन करने के बाद एक सामान्य नागरिक की तरह टिकट खरीदा और उसमें गांधीनगर से अहमदाबाद तक की यात्रा की| गांधीनगर से मुंबई के बीच चलने वाली इस ट्रेन में विश्व स्तरीय आराम और सुविधाएं प्रदान की गई हैं। पूरी तरह से वातानुकूलित वंदे भारत में कई आधुनिक विशेषताएं हैं जैसे स्लाइडिंग दरवाजे, व्यक्तिगत रीडिंग लाइट, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, अटेंडेंट कॉल बटन, बायो-टॉयलेट, स्वचालित प्रवेश और निकास द्वार, सीसीटीवी कैमरे, रिक्लाइनिंग सुविधा, आरामदायक सीटें आदि। वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 1 अक्टूबर, 2022 से शुरू होगा। यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी और रविवार को नहीं चलेगी। मुंबई सेंट्रल-गांधीनगर केपिटल वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस मुंबई सेंट्रल से 06.10 बजे प्रस्थान करेगी और 12.30 बजे गांधीनगर केपिटल पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में गांधीनगर केपिटल-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस गांधीनगर केपिटल से 14.05 बजे प्रस्थान करेगी और 20.35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार कोच हैं।
