नई दिल्ली । निगम के स्कूलों में बीते सत्र में हुए दाखिले से शिक्षा विभाग और निगम अधिकारी खासे उत्साहित हैं। एक लंबे अरसे के बाद निगम के स्कूलों में मौजूदा सत्र में दो लाख 53 हजार छात्रों ने दाखिला लिया है, जिसके बाद निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या 9 लाख से अधिक हो गई है। दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग की ओर से कहा गया है कि स्कूलों में छात्रों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। गौरतलब है कि दिल्ली में निगम की ओर से चलाए जा रहे स्कूलों की संख्या 1500 से ज्यादा है और इन स्कूलों में छात्रों को प्राथमिक शिक्षा दी जाती है यानी यह स्कूल नर्सरी से पांचवी तक होते हैं। निगम ने बताया कि इस साल नए सत्र में दाखिले के बाद छात्रों की कुल संख्या लगभग 9,10,000 के पार पहुंच गई है जो बीते पांच वर्षों में सबसे ज्यादा है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार छात्रों की संख्या बढ़ रही है जिसका कारण स्कूलों में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। शिक्षा में सुधार के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर में भी सुधार हुआ है। निगम ने हर वार्ड में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल की भी शुरुआत की है। जानकारी के मुताबिक, निगम के स्कूलों की संख्या 1563 है, जिसमें से करीब 138 स्कूल पूरी तरह अंग्रेजी मीडियम के हैं। वहीं, 642 स्कूल ऐसे हैं जिसमें एक सेक्शन अंग्रेजी मीडियम में है। निगम के शिक्षा विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक निगम के स्कूलों में छात्रों को कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके लिए दिल्ली सरकार की ओर से निगम को फंड दिया जाता है। निगम के स्कूलों में बीते दो वर्षों के दौरान कोरोना काल में छात्रों की संख्या और नए दाखिलों में कमी आई थी। निगम अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में अधिकतर छात्र वह हैं जिनके माता-पिता निम्न वर्ग से आते हैं। कोरोना काल में बड़ी संख्या में ऐसे लोग दिल्ली से बाहर चले गए थे। अधिकारियों का मानना है कि स्कूलों की बेहतरी और लोगों का दिल्ली वापस आना, इस वर्ष छात्रों की संख्या बढ़ने के पीछे प्रमुख कारण है।
