नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ और जियोहॉटस्टार ने मिलाया हाथ, भारत के सबसे बड़े महाकाव्य को डिजिटल माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में की नई पहल
Spread the loveनमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ और जियोहॉटस्टार...
Spread the loveनमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ और जियोहॉटस्टार...
Spread the loveसोहम शाह ने शेयर किया ‘तुम्बाड’...
Spread the loveरायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष...
मोक्वी, चीन, 05 सितंबर । भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में अपने खिताब बचाने के अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है। पूल ए के शुरुआती मुकाबले में भारत ने शनिवार को इंडोनेशिया को एकतरफा मुकाबले में 14-0 से रौंद दिया। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखा।
भारत की ओर से प्रभदीप सिंह सबसे सफल रहे। उन्होंने पांच गोल दागे और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। कप्तान अनमोल एक्का ने चार गोल किए, जबकि अजीत यादव ने हैट्रिक पूरी की। हरपाल और आशु मौर्य ने एक-एक गोल किया।
भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। प्रभदीप ने पांचवें मिनट में गोल कर भारत का खाता खोला, जबकि हरपाल ने आठवें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत 2-0 से आगे था।
दूसरे क्वार्टर में अनमोल ने 16वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 3-0 किया। अजीत यादव ने 20वें मिनट में एक और गोल दागा। इसके बाद प्रभदीप ने 26वें और 30वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को मध्यांतर तक 6-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा। अनमोल ने 35वें और 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। इसके बाद प्रभदीप ने क्वार्टर समाप्त होने से पहले एक और गोल दागकर भारत की बढ़त 9-0 कर दी।
अंतिम क्वार्टर में भारतीय टीम ने पांच और गोल किए। अनमोल ने 51वें मिनट में अपना चौथा गोल किया, जबकि प्रभदीप ने अगले ही मिनट में पांचवां गोल दाग दिया। अजीत यादव ने 53वें मिनट में दो गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। आशु मौर्य ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 14-0 की शानदार जीत दिलाई।
भारत ने कुल नौ मैदानी गोल किए, जबकि चार गोल पेनल्टी कॉर्नर और एक गोल पेनल्टी स्ट्रोक से आया। अनमोल ने तीन पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला, जबकि मौर्य ने एक पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया।
इंडोनेशिया की यह लगातार दूसरी हार है। उसे शुक्रवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ 0-9 से शिकस्त मिली थी। पूल ए में वह पांचवें स्थान पर है। वहीं, चीनी ताइपे जापान के खिलाफ 0-7 से हारकर चौथे स्थान पर है।
भारत इस जीत से तीन अंक लेकर जापान और दक्षिण कोरिया के साथ बराबरी पर है, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण पूल ए में शीर्ष पर पहुंच गया है। मौजूदा चैंपियन के लिए यह खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत है।
