ऑडी इंडिया ने लॉन्च की ऑल-न्यू ऑडी Q3
Spread the love मुंबई,21अक्टूबर 2026: जर्मनी की लग्जरी...
Spread the love मुंबई,21अक्टूबर 2026: जर्मनी की लग्जरी...
Spread the love ई-कॉमर्स डिलीवरी पर जीएसटी को...
Spread the love *पूज्य मोरारी बापू की पावन...
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। तीसरे संस्करण का आयोजन 21 जनवरी से 6 फरवरी तक बांग्लादेश और नेपाल में होगा। टूर्नामेंट में 16 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 41 मुकाबले खेले जाएंगे। दो बार की मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम 22 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
टूर्नामेंट के मुकाबले बांग्लादेश के चट्टोग्राम और सिलहट तथा नेपाल की राजधानी काठमांडू के चार मैदानों पर खेले जाएंगे। इनमें चट्टोग्राम का बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम, सिलहट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, काठमांडू का टीयू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और अपर मुलपानी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान शामिल हैं।
टूर्नामेंट में 16 टीमों को चार समूहों में बांटा गया है। समूह ‘ए’ में भारत, आयरलैंड, वेस्टइंडीज और मेजबान नेपाल हैं। समूह ‘बी’ में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और समोआ को रखा गया है। समूह ‘सी’ में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया और संयुक्त अरब अमीरात की टीमें हैं, जबकि समूह ‘डी’ में इंग्लैंड, श्रीलंका, अमेरिका और स्कॉटलैंड शामिल हैं।
टूर्नामेंट का उद्घाटन 21 जनवरी को चार मुकाबलों के साथ होगा। पहले मुकाबले में बांग्लादेश का सामना संयुक्त अरब अमीरात से होगा। इसी दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम नाइजीरिया से भिड़ेगी। अन्य मुकाबलों में श्रीलंका और स्कॉटलैंड तथा इंग्लैंड और अमेरिका आमने-सामने होंगे।
मेजबान नेपाल 22 जनवरी को आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगा। इसी दिन न्यूजीलैंड का सामना समोआ से और दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। भारतीय टीम भी 22 जनवरी को काठमांडू के टीयू अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ उतरेगी।
समूह चरण के मुकाबले 26 जनवरी तक खेले जाएंगे। इसके बाद अगले दौर के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी। टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा और दोनों समूहों की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
सेमीफाइनल मुकाबले 4 फरवरी को चट्टोग्राम के बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इनके लिए 5 फरवरी आरक्षित दिवस रखा गया है। टूर्नामेंट का फाइनल 6 फरवरी को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे खेला जाएगा। फाइनल के लिए 7 फरवरी को आरक्षित दिवस निर्धारित किया गया है।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि अंडर-19 विश्व कप क्रिकेट के भविष्य की प्रतिभाओं को सामने लाने और युवा खिलाड़ियों को अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए शीर्ष स्तर तक पहुंचने का अवसर देने वाला महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने कहा कि 16 टीमों की भागीदारी से महिला क्रिकेट में प्रतिभाओं की बढ़ती गहराई सामने आएगी। इस प्रतियोगिता से स्थापित क्रिकेट देशों के साथ उभरते क्रिकेट देशों के खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। बांग्लादेश और नेपाल की मेजबानी का चयन क्रिकेट के भविष्य में आईसीसी के भरोसे और निवेश को दर्शाता है। दोनों देशों की बड़ी युवा आबादी और क्रिकेट के प्रति जुनून उन्हें इस वैश्विक युवा प्रतियोगिता के लिए उपयुक्त मेजबान बनाता है।
