कनासिया/तराना। ग्राम कनासिया से तराना रोड स्थित आमडी के खाल (नदी)में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही तराना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था तथा पानी में रहने के कारण बुरी तरह गल चुका था। शव के हाथ पर लिखे नाम के आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आलोक कुमार शर्मा एवं एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामनारायण सिंह भदौरिया और उनकी टीम ने त्वरित जांच शुरू की। जांच के दौरान शव की पहचान मदनलाल पिता तोलाराम (35 वर्ष), निवासी ग्राम नायता पोलाय, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास के रूप में हुई।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया। जांच के अनुसार मृतक मदनलाल शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में आए दिन घर में विवाद, झगड़ा और मारपीट करता था। उसकी हरकतों से परिवार लंबे समय से परेशान था।
लगातार प्रताड़ना और घरेलू विवादों से तंग आकर मृतक की पत्नी और बेटे ने मिलकर पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को कनासिया स्थित आमडी के खाल में फेंक दिया गया था, जहां 1 जून को शव पानी में तैरता हुआ मिला।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को चिन्हित किया है—
संजू सोलंकी, पिता मदनलाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम नायता पोलाय, हाल मुकाम कनासिया।
थाना तराना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।