Aaj Ka Panchang 28 July 2026: कोकिला व्रत आज, नोट करें दिन के शुभ-अशुभ मुहूर्त, जानें राहुकाल का समय
Spread the loveAaj Ka Panchang 28 July 2026: दैनिक पंचांग के अनुसार...
Spread the loveAaj Ka Panchang 28 July 2026: दैनिक पंचांग के अनुसार...
Spread the loveAaj ka Rashifal 28 July 2026: आज आषाढ़ शुक्ल पक्ष...
Spread the love सलमान खान और डायरेक्टर वमसी पैडीपल्ली की फिल्म SVC63...
देवास /माधव एक्सप्रेस (निप्र) । माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा हाईस्कूल एवं हाई सेकेंडरी बोर्ड की परीक्षाओं का परीक्षा परिणाम विगत दिवस घोषित कर दिया गया । उत्कृष्ट विद्यालय देवास ने अपनी परंपरा अनुसार राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में अपना स्थान सुनिश्चित कर देवास का गौरव बढ़ाया है । उत्कृष्ट विद्यालय देवास ने कक्षा दसवीं तथा बारहवीं की राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर देवास का नाम रोशन कर दिया । अशासकीय जीएलटी विद्यालय, देवास की अक्षरा जीतेंद्र शिंदे ने दसवीं की परीक्षा में 98.2 प्रतिशत तथा उत्कृष्ट विद्यालय देवास की पलक शिवराज नामदेव ने 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर राज्य स्तरीय मेरिट सूची में क्रमशः नवां एवं दसवां स्थान प्राप्त किया । वहीं उत्कृष्ट विद्यालय देवास की राशि संजय माली ने कक्षा 12 वीं (वाणिज्य संकाय) की राज्य स्तरीय प्रवीण्य सूची में सातवां स्थान प्राप्त कर सफलता प्राप्त की । देवास के उत्कृष्ट विद्यालय के ही अन्य आठ विद्यार्थियों ने भी जिले की मेरिट सूची में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है ।
उत्कृष्ट विद्यालय की शानदार सफलता से प्रसन्न होकर जिलाधीश श्री ऋतुराजसिंह ने बच्चों के साथ उत्साहवर्धक मुलाकात की । जिलाधीश ने विद्यार्थियों से अपने उद्बोधन में खूब परिश्रम करने तथा भविष्य में उच्चतम सफलताएं अर्जित करने हेतु आशिर्वाद देते हुए बड़े सपने देखने के लिये विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया । जिलाधीश ने विद्यार्थियों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर उनका उत्साह वर्धन किया । राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को ₹25000 तथा जिला स्तरीय मेरिट सूची में आने वाले बच्चों को ₹5000 प्रति विद्यार्थी इनाम के रूप में देना की घोषणा भी जिलाधीश महोदय ने की । इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी अजय कुमार मिश्रा, उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य सुधीर कुमार सोमानी, शिक्षक संतोष स्वर्णकार तथा विद्यार्थियों के पालक गण उपस्थित थे ।
देवास विधानसभा क्षेत्र की विधायक गायत्री राजे पंवार ने भी जिले की होनहार बेटियों को उनकी सफलता के लिए सम्मानित किया । उत्कृष्ट विद्यालय देवास की हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त करने वाली पलक नामदेव तथा हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त करने वाली राशि माली को प्रोत्साहन स्वरूप दस-दस हजार रुपए की राशि देने की घोषणा भी की । विधायक निवास आनंद भवन पैलेस पर आयोजित इस सम्मान समारोह में विधायक महोदय ने स्वयं मिठाई खिलाते हुए बेटियों का अभिनंदन किया । इस अवसर पर उन्होंने बेटियों को देवास का सम्मान बढ़ाने के लिए प्रशंसा की । पलक नामदेव के विधानसभा घूमने की इच्छा जाहिर करने पर उन्होंने तत्काल स्वीकृति देते हुए आगामी विधानसभा सत्र में विधानसभा भ्रमण करने का आश्वासन दिया । विधायक महोदया ने प्रधानमंत्री मोदी के नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 बिल का उल्लेख करते हुए नारी के प्रति प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण से भी अवगत कराया । इस अवसर पर विद्यार्थियों के पालक सहित शिक्षक गण उपस्थित थे ।
एक अन्य कार्यक्रम में देवास एसपी पुनीत गहलोत ने उत्कृष्ट विद्यालय देवास के प्रदेश मेरिट एवं जिला मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले दस विद्यार्थियों का कार्यालय में अभिनंदन किया । गहलोत ने सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी एवं उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की । विद्यार्थियों से अपने संवाद में गहलोत ने जीवन में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्ण परिश्रम की आवश्यकता पर जोर दिया । विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्होंने न्यूनतम शुल्क में अपने परिश्रम से अध्ययन करते हुए उच्च शुल्क वाले विद्यार्थियों से बेहतर प्रदर्शन करने हेतु उन्हें बधाई दी । स्वयं गहलोत उत्कृष्ट विद्यालय नीमच के छात्र रहे हैं । एसपी ने विद्यार्थियों को पुलिस कंट्रोल रूम का अवलोकन करवाया तथा कंट्रोल रूम की कार्य प्रणाली भी समझाई । हाल ही में मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित होने पर जिला पुलिस अधीक्षक गहलोत को उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने बधाइयां देते हुए उनका अभिनंदन किया । इस अवसर पर प्राचार्य सुधीर कुमार सोमानी, संतोष वर्मा, संतोष स्वर्णकार, भावेश कानूनगो, अंशुल खरे सहित विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे ।
